मालीखेड़ी हत्याकांड: कर्ज के दलदल में उजड़ा परिवार, 40 हजार मासिक ब्याज का दबाव और सीहोर की महिला के ब्लैकमेलिंग एंगल पर उलझी जांच

मालीखेड़ी हत्याकांड: कर्ज के दलदल में उजड़ा परिवार, 40 हजार मासिक ब्याज का दबाव और सीहोर की महिला के ब्लैकमेलिंग एंगल पर उलझी जांच
भोपाल, यशभारत। राजधानी के छोला थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी इलाके में हुए चर्चित सामूहिक हत्याकांड और आत्महत्या मामले में अब सनसनीखेज खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस की शुरुआती जांच और परिजनों के बयों से इस पूरी घटना के पीछे भारी भरकम कर्ज, प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग का जाल बुना नजर आ रहा है। मृतक नरेंद्र साहू की बहन और पुलिस पड़ताल से मिले तथ्यों के मुताबिक, यह पूरा मामला सिर्फ एक आत्महत्या या पारिवारिक कलह तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार सूदखोरों और कथित ब्लैकमेलिंग से जुड़े हैं।
.jpeg)
बहन का आरोप: 6 लोग और 40 हजार रुपए का मानसिक टॉर्चर
मृतक नरेंद्र साहू की बहन मधु ने खुलकर आरोप लगाया है कि दो महिलाओं समेत कुल 6 लोग नेहा, मामा गोपाल साहू, श्वेता, सिमर, चिंटू और देवा उनके भाई पर लगातार कर्ज चुकाने का अनुचित दबाव बना रहे थे। बहन के मुताबिक, नरेंद्र पर कर्ज का बोझ इस कदर बढ़ चुका था कि वह हर महीने सिर्फ ब्याज के रूप में ही करीब 40 हजार रुपए चुका रहा था। कर्ज चुकाने की इस मजबूरी में नरेंद्र अपना मकान, कार और बाइक तक बेच चुका था, लेकिन इसके बावजूद कर्जदारों का शिकंजा ढीला नहीं हो रहा था।

इस मामले में पुलिस के हाथ एक अहम सुराग लगा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक नरेंद्र सीहोर की रहने वाली एक महिला के संपर्क में था, जो कथित तौर पर उसे लगातार ब्लैकमेल कर रही थी। पुलिस को आशंका है कि इसी ब्लैकमेलिंग के चलते नरेंद्र मानसिक तनाव में था और उसने अपनी देनदारियां चुकाने के लिए दोस्तों से भी भारी उधार ले रखा था। हालांकि, नरेंद्र के भाई ने उसके नशे की लत की बात भी कही है, जिस पर पुलिस हर पहलू से गंभीरता से छानबीन कर रही है।
परिवार की आर्थिक बदहाली की स्थिति यह थी कि नरेंद्र घर-गृहस्ती का खर्च तक नहीं उठाता था। वृद्ध मां खुद मेहनत-मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करती थीं और मकान का किराया भी वही चुकाती थीं। परिजनों का यह भी कहना है कि इस खौफनाक वारदात से महज चार दिन पहले एक लेनदार पैसे मांगने के लिए उनके घर तक पहुंच गया था, जिससे परिवार पर दबाव और ज्यादा बढ़ गया था।
फिलहाल, छोला थाना पुलिस ने सभी आरोपों को संज्ञान में लेते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया है। पुलिस को उम्मीद है कि मृतक नरेंद्र के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स, चैट्स और लेन-देन के रिकॉर्ड से उसके संपर्कों और ब्लैकमेलिंग से जुड़ी कड़ियां साफ हो सकेंगी। वहीं, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि इस सामूहिक हत्याकांड और कर्ज-ब्लैकमेलिंग के चक्रव्यूह के बीच सीधा संबंध क्या था।







