24 करोड़ की लागत से रांझी सिविल अस्पताल का विस्तार अंतिम चरण में
जल्द मिलेगा आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ

जबलपुर,यशभारत। रांझी स्थित सिविल अस्पताल के विस्तार का कार्य तेजी से अंतिम चरण में पहुंच गया है। शासन द्वारा अस्पताल में 50 अतिरिक्त बिस्तरों की वृद्धि की जा रही है, जिससे यहां की कुल क्षमता और सुविधाओं में बड़ा इजाफा होगा। लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से ग्राउंड प्लस 4 मंजिला भवन का निर्माण कराया जा रहा है। नई इमारत में मरीजों की सुविधा के लिए दो लिफ्ट, दो मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और अत्याधुनिक पैथोलॉजी लैब की व्यवस्था की जा रही है, जहां सभी प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही 50 बिस्तरों का नया वार्ड भी तैयार किया जा रहा है। अस्पताल में नई सोनोग्राफी और एक्स-रे मशीन भी स्थापित की जा चुकी है, जिससे मरीजों को बेहतर और त्वरित जांच सुविधा मिल सकेगी।
निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेने कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और संयुक्त स्वास्थ्य संचालक डॉ. संजय मिश्रा ने अस्पताल पहुंचकर निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य में तेजी लाने और समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों के अनुसार, अगले 3 से 4 सप्ताह में भवन का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। शासन ने 30 अप्रैल तक प्रोजेक्ट को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके बाद मुख्यमंत्री द्वारा इसका उद्घाटन किया जाएगा। अस्पताल के विस्तार से क्षेत्र के हजारों मरीजों को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।







