ऊर्जामंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर जबलपुर में बोले – स्मार्ट मीटर में कोई विसंगति नहीं
7 लाख उपभोक्ताओं को 7 करोड़ की छूट

जबलपुर,यशभारत। मध्य प्रदेश के ऊर्जामंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर का बुधवार को शहर आगमन हुआ। पूर्व क्षेत्र वितरण कंपनी के मुख्यालय शक्ति भवन पहुंचकर ऊर्जामंत्री ने पालना घर का लोकार्पण किया। पालना घर में वितरण कंपनी में कार्यरत महिला कर्मचारी अपने बच्चो को सुरक्षित माहौल में रख सकेंगी। इस दौरान ऊर्जामंत्री ने कहा कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के हित में है
ऊर्जामंत्री का कहना है कि स्मार्ट मीटर में किसी भी प्रकार की कोई विसंगति नहीं है, जैसा कि आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह तकनीक उपभोक्ताओं को सशक्त बना रही है। उपभोक्ताओं के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए स्मार्ट मीटर एप की जल्द ही समीक्षा की जाएगी।
मंत्री तोमर ने स्मार्ट मीटर पर विपक्ष के आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्मार्ट मीटर से जुड़े 7 लाख उपभोक्ताओं को सिर्फ एक माह में ही ₹7 करोड़ रुपये के बिल में छूट मिली है। मंत्री ने कहा कि यह छूट स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि यह मीटरिंग प्रणाली न केवल पारदर्शी है, बल्कि उपभोक्ताओं को बचत करने में भी मदद कर रही है।






