गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में घायल वृद्ध की मौत
पनागर थाना क्षेत्र के ग्राम इमलई की घटना

जबलपुर,यशभारत। पनागर थाना क्षेत्र के ग्राम इमलई में रक्षाबंधन के दिन गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। रिश्ते के दादा से धक्का-मुक्की और मारपीट करने के बाद जमीन पर गिरने से वृद्ध के सिर में गंभीर चोट आई। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी अभिषेक चौधरी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसे जांच के दायरे में लिया है।
पुलिस के अनुसार रक्षाबंधन के अवसर पर चौधरी परिवार के सदस्य और रिश्तेदार इमलई गांव में एकत्र हुए थे। राखी के कार्यक्रम के बाद परिवार के लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान अभिषेक चौधरी घर के सामने शराब पी रहा था। सामने रहने वाले उसके रिश्ते के दादा प्यारेलाल चौधरी ने घर के सामने गाड़ी खड़ी करने को लेकर उससे बात की। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और अभिषेक ने प्यारेलाल के साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट कर दी। इसी दौरान प्यारेलाल जमीन पर गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल पनागर के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया।
मेडिकल अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात करीब 1.50 बजे प्यारेलाल चौधरी की मौत हो गई। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पीएम रिपोर्ट में सिर में अंदरूनी चोट के कारण मौत होने की बात सामने आई।
जांच और परिजनों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि अभिषेक की मारपीट और धक्का-मुक्की के दौरान गिरने से प्यारेलाल के सिर में चोट लगी थी। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया।







