भोपाल में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई ईद, ईदगाह पर उमड़ा जनसैलाब, अमन-चैन की मांगी दुआ , कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दी शुभकामनाएं

भोपाल में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई ईद, ईदगाह पर उमड़ा जनसैलाब, अमन-चैन की मांगी दुआ , कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दी शुभकामनाएं
भोपाल,यश भारत। राजधानी भोपाल सहित पूरे देश में आज ईद-उल-फितर का पर्व बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। एक माह तक चले रमजान के पाक महीने में रोजा और इबादत के बाद मुस्लिम समुदाय ने ईद की नमाज अदा कर एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी। भोपाल के ईदगाह में सुबह से ही नमाजियों का सैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में मुस्लिम धर्मावलंबी यहां पहुंचे और सामूहिक रूप से ईद की नमाज अदा की। शहर काजी मुस्ताक ने नमाज अदा करवाई और इस मौके पर देश व दुनिया में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई। ईद के अवसर पर फित्रा दान की परंपरा भी निभाई गई। इस बार गेहूं के आधार पर फित्रा की न्यूनतम राशि करीब 70 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित की गई है, जबकि जौ और खजूर के आधार पर यह राशि अलग-अलग हो सकती है। वहीं चांदी के भाव के अनुसार अधिकतम फित्रा करीब 1650 रुपये तय किया गया है। इस मौके पर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी भी ईदगाह पहुंचे। उन्होंने नमाज अदा करने आए लोगों पर फूल बरसाकर ईद की बधाई दी और सभी के लिए अमन-चैन व खुशहाली की कामना की। शहर में जगह-जगह लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और मीठी सेवइयों के साथ खुशियां साझा कीं। त्योहार को लेकर पूरे शहर में उत्साह और रौनक का माहौल देखा गया।







