प्रभात चौराहे पर ई-रिक्शा का कब्जा, पुलिस चौकी के सामने ही जाम से हाल बेहाल

प्रभात चौराहे पर ई-रिक्शा का कब्जा, पुलिस चौकी के सामने ही जाम से हाल बेहाल
भोपाल यश भारत । राजधानी के व्यस्त प्रभात चौराहा पर ई रिक्शा चालकों की मनमानी से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सड़क के बीचों बीच ई रिक्शा खड़े किए जाने से यहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चौराहे के पास स्थित पुलिस चौकी के सामने ही यह अव्यवस्था जारी है लेकिन इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। ई रिक्शा चालक सवारियों के इंतजार में अपने वाहन सड़क पर ही खड़े कर देते हैं जिससे मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो जाता है। हर दिन जाम, बढ़ रहा हादसों का खतरा चौराहे से गुजरने वाले दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहन चालकों को निकलने में खासी मशक्कत करनी पड़ती है। अचानक रुकावट और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार मामूली हादसे हो चुके हैं, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। प्रशासन की अनदेखी पर उठे सवाल स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद नियमों का खुला उल्लंघन हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाए कि जब चौकी के सामने ही यातायात नियमों की अनदेखी हो रही है तो अन्य क्षेत्रों में व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है। स्थायी समाधान की मांग नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि चौराहे पर ई रिक्शा के लिए अलग स्टैंड निर्धारित किया जाए नियमित मॉनिटरिंग हो और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके हालांकि जब प्रशासनिक अधिकारियों से इस विषय पर चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहे हैं







