जबलपुरमध्य प्रदेश

ट्रक सुधारते समय चालक आया चपेट में, मौत, मदन महल फ्लाईओवर के ढलान पर हादसा,ड्राइवर के ऊपर से गुजरा पहिया

महानद्दा पर तड़के हुई घटना,रामपुर एफसीआई गोदाम चांवल लेकर जा रहा था ट्रक

जबलपुर,यशभारत। मदन महल थाना क्षेत्र के फ्लाईओवर पर मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। महानद्दा स्थित शुभ मोटर्स के समीप एफसीआई का चावल लेकर जा रहा 12 चका ट्रक अचानक खराब हो गया। ट्रक को सुधारने के लिए उसके मालिक और मैकेनिक 45 वर्षीय शेख इसराइल ट्रक के नीचे लेटकर खराबी तलाश रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रक आगे बढ़ गया और शेख इसराइल उसकी चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल शेख इसराइल को तत्काल मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार न्यू आनंद नगर निवासी शेख इसराइल ट्रक मालिक होने के साथ-साथ स्वयं ड्राइविंग और मैकेनिक का काम भी करते थे। मंगलवार सुबह उनका ट्रक एफसीआई का करीब 22 टन चावल लेकर रामपुर स्थित एफसीआई गोदाम जा रहा था। फ्लाईओवर की ढलान पर अचानक ट्रक में खराबी आ गई। इसके बाद इसराइल ने ट्रक को खड़ा किया और उसे सुधारने के लिए नीचे लेट गए। वह ट्रक की खराबी ठीक कर ही रहे थे कि अचानक ट्रक आगे की ओर चल पड़ा। देखते ही देखते वह ट्रक के नीचे दब गए।

दीवार से टकराकर रुका ट्रक

हादसे के बाद बेकाबू ट्रक फ्लाईओवर की दीवार से जा टकराया और उसके बाद रुक गया। घटना की सूचना मिलते ही मदन महल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल पर ट्रक सुधारने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले औजार भी मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि ढलान पर खड़े ट्रक के अचानक आगे बढ़ने से यह हादसा हुआ।

रात 11 बजे घर से निकले थे, सुबह मिली मौत की खबर

परिजनों के मुताबिक शेख इसराइल सोमवार रात करीब 11 बजे घर से निकले थे। इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो सका। सुबह हादसे की खबर मिलने पर परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया है। मामले में मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button