डिजिटल लत का जहरीला अंजाम : इलाज के दौरान छात्रा की मौत, क्षेत्र में हड़कंप

सागर, यशभारत l सागर जिले के खुरई देहात थाना क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां मोबाइल फोन के अत्यधिक इस्तेमाल पर मां की डांट से क्षुब्ध होकर 14 वर्षीय एक छात्रा ने जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके और पीड़ित परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, कक्षा 9वीं में पढ़ने वाली 14 वर्षीय छात्रा लगातार मोबाइल फोन का उपयोग कर रही थी। इस पर उसकी मां ने उसे समझाते हुए डांटा और मोबाइल अपने पास रख लिया। मोबाइल छीन जाने से छात्रा अत्यधिक नाराज हो गई। हालांकि, परिजनों के मुताबिक कुछ समय बाद छात्रा का गुस्सा शांत प्रतीत हुआ और उसने परिवार के सदस्यों के साथ सामान्य रूप से खाना भी खाया।
खाना खाने के कुछ देर बाद अचानक छात्रा की तबीयत बिगड़ने लगी। उसकी स्थिति गंभीर देख परिजन घबरा गए और तत्काल उसे खुरई सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे सागर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सागर में डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज शुरू हुआ, लेकिन सेहत में सुधार न होने के कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मानसिक स्वास्थ्य पर उठे सवाल
खुरई की इस दुखद घटना ने एक बार फिर बच्चों में बढ़ती मोबाइल की लत, परिजनों और बच्चों के बीच संवादहीनता तथा मानसिक तनाव प्रबंधन की आवश्यकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों में बच्चों के साथ सख्ती के बजाय समझाइश और संवाद का रास्ता अपनाना बेहद जरूरी है।
मानसिक स्वास्थ्य सहायता हेल्पलाइन
यदि आप या आपके आसपास कोई भी व्यक्ति मानसिक तनाव, अवसाद या संकट की स्थिति से गुजर रहा है, तो कृपया नीचे दिए गए हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें:Kiran – राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन: 1800-599-0019, टेली-मानस: 14416 / 1800-891-4416 , चाइल्डलाइन: 1098.







