Top-5इंदौरग्वालियरजबलपुरदेशमध्य प्रदेशमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरेंराज्य

आपका बिल बढ़ रहा है, स्मार्ट मीटर लगवाना पड़ेगा’… जबलपुर में उपभोक्ताओं को ठेकेदार ऐसे  कर रहे गुमराह

बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी ने नहीं दिया जवाब

बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी ने नहीं दिया जवाब

जबलपुर, यश भारत। जबलपुर शहर में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर अब उपभोक्ताओं की शिकायतें सामने आने लगी हैं। विजयनगर और बलदेवबाग क्षेत्र के कुछ उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे ठेकेदारों के कर्मचारी उन्हें यह कहकर गुमराह कर रहे हैं कि उनके मौजूदा मीटर का बिल लगातार ज्यादा आ रहा है और अब स्मार्ट मीटर लगवाना जरूरी है। बिल बढ़ने का डर दिखाकर उपभोक्ताओं पर मीटर बदलवाने का दबाव बनाने की बात कही जा रही है।

बिल ज्यादा आ रहा है, मीटर बदलना पड़ेगा’

उपभोक्ताओं के मुताबिक, घर पहुंचने वाले कर्मचारी कई बार उन्हें मौजूदा बिजली बिल दिखाकर स्मार्ट मीटर लगवाने की बात कहते हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें यह स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही कि मीटर बदलने की जरूरत क्यों है और स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिलिंग किस तरह होगी। ऐसे में लोग असमंजस में हैं और उन्हें अतिरिक्त खर्च तथा भविष्य में बढ़े हुए बिल की चिंता सता रही है। स्थानीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य पूरा करने के लिए कुछ ठेकेदारों के कर्मचारी जल्द से जल्द मीटर बदलने पर जोर दे रहे हैं। उपभोक्ताओं का सवाल है कि यदि मीटर बदलना जरूरी है तो उन्हें इसकी स्पष्ट जानकारी विभाग की ओर से क्यों नहीं दी जा रही और ठेकेदारों के कर्मचारी अपने स्तर पर डर क्यों पैदा कर रहे हैं।

विभाग की चुप्पी पर सवाल

मामले में विजयनगर संभाग के डीई अमित सक्सेना से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। समाचार लिखे जाने तक विभाग की ओर से इस संबंध में कोई जवाब नहीं मिला। अब सवाल यह है कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया की निगरानी कौन कर रहा है और उपभोक्ताओं को सही जानकारी देने की जिम्मेदारी किसकी है।
नोट: उपभोक्ताओं द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है। विभाग का पक्ष मिलने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button