भोपालमध्य प्रदेश

जन्मदिन के दो दिन बाद मौत: कार में बेसुध मिला प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा छात्र

जन्मदिन के दो दिन बाद मौत: कार में बेसुध मिला प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा छात्र

भोपाल, यशभारत। राजधानी के कोलार इलाके में शुक्रवार देर रात प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 24 वर्षीय एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र ने सीने में दर्द होने पर अपने दोस्त को फोन कर मदद मांगी थी, लेकिन जब तक दोस्त मौके पर पहुंचा, वह कार की ड्राइविंग सीट पर बेसुध मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विशेष बात यह है कि महज दो दिन पहले ही छात्र ने अपना 24वां जन्मदिन मनाया था।

जानकारी के अनुसार, नेहरू नगर निवासी ईशान दुबे (24) शुक्रवार रात कोलार स्थित एक रेस्टोरेंट गया था। वहां से लौटते समय डी-मार्ट के पास अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे सीने में तेज दर्द और घबराहट महसूस हुई, जिसकी जानकारी उसने फोन पर अपने दोस्त राज को दी। राज ने तुरंत पास में ही मौजूद एक अन्य मित्र को मौके पर भेजा।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें
ईशान का दोस्त जब मौके पर पहुंचा, तो वह कार में अचेत अवस्था में था। उसे तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे हमीदिया रेफर कर दिया गया। हालांकि, परिजन और दोस्त उसे दूसरे निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। कोलार पुलिस ने मर्ग कायम कर शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

इकलौता बेटा था ईशान, मां है सरकारी कर्मचारी
ईशान के पिता का पहले ही देहांत हो चुका है। वह अपनी मां के साथ रहता था, जो केंद्र सरकार में कार्यरत हैं। एम.ए. की पढ़ाई पूरी करने के बाद ईशान प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। 24 दिसंबर को ही उसने दोस्तों के साथ अपना जन्मदिन मनाया था, लेकिन दो दिन बाद ही इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छात्र की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। शुरुआती तौर पर मामला कार्डियक अरेस्ट का लग रहा है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button