भोपालमध्य प्रदेश

उज्जैन में 206 नव आरक्षकों का दीक्षांत समारोह संपन्न: 313 दिनों के कड़े प्रशिक्षण के बाद पुलिस की मुख्यधारा में शामिल हुए जवान

उज्जैन में 206 नव आरक्षकों का दीक्षांत समारोह संपन्न: 313 दिनों के कड़े प्रशिक्षण के बाद पुलिस की मुख्यधारा में शामिल हुए जवान

भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश पुलिस के प्रशिक्षण तंत्र की उत्कृष्ट परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पुलिस प्रशिक्षण शाला (पीटीएस) उज्जैन में नव आरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण के पांचवें सत्र का दीक्षांत समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) रवि कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित इस 313 दिवसीय कड़े प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूर्ण कर 206 नव आरक्षकों ने मध्यप्रदेश पुलिस की मुख्यधारा में प्रवेश किया।

समारोह के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी), उज्जैन जोन राकेश गुप्ता ने दीक्षांत परेड की सलामी ली और प्रशिक्षुओं से परिचय प्राप्त किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि नव आरक्षक मध्यप्रदेश पुलिस की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने जवानों को सेवा का मूलमंत्र देते हुए कहा कि वर्दी का वास्तविक सम्मान जनता के विश्वास से प्राप्त होता है। आमजन के प्रति संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार ही पुलिस की असली पहचान है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी जवान अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ पुलिस सेवा की नई चुनौतियों का सामना करेंगे।

तकनीक और आधुनिक पुलिसिंग पर रहा विशेष जोर

पीटीएस उज्जैन की पुलिस अधीक्षक मनीषा पाठक सोनी ने प्रशिक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार यह प्रशिक्षण दो सेमेस्टर में संचालित किया गया। इसमें 12 विषयों की लिखित परीक्षाओं के साथ-साथ आउटडोर गतिविधियां, व्यावहारिक प्रशिक्षण, फील्ड विजिट, प्रदर्शन आधारित शिक्षण और आधुनिक हथियारों से फायरिंग का गहन अभ्यास शामिल रहा। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि इस बार तकनीक आधारित पुलिसिंग पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिसके तहत इस बैच के 61 नव आरक्षकों का चयन ‘साइबर वॉरियर योजना’ के लिए किया गया है।

साहस स्मारिका का विमोचन और शपथ ग्रहण

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि श्री राकेश गुप्ता द्वारा प्रशिक्षण काल की उपलब्धियों, अनुभवों और स्मृतियों को संजोए हुए तैयार की गई वार्षिक स्मारिका ‘साहस’ का विमोचन किया गया। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक पीटीएस द्वारा सभी नव आरक्षकों को देश के संविधान एवं पुलिस आचरण संहिता के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ दिलाई गई।

जीआरपी भोपाल के आदित्य उपाध्याय बने सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षणार्थी

समारोह के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं और प्रशिक्षकों को पुरस्कृत किया गया। इस सत्र में शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) भोपाल के आरक्षक आदित्य उपाध्याय ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षणार्थी, बाह्य प्रशिक्षण (आउटडोर) और आंतरिक प्रशिक्षण (इनडोर) का प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया। इसके अलावा बाह्य प्रशिक्षण में विक्रम दाहिया और आंतरिक प्रशिक्षण में राहुल को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। बेहतर प्रशिक्षण प्रदान करने वाले पीटीएस के अधिकारियों और प्रशिक्षकों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button