कलेक्टर जनसुनवाई: 150 आवेदकों की सुनी गई समस्याएं, मौके पर हुआ कई मामलों का निराकरण

कलेक्टर जनसुनवाई: 150 आवेदकों की सुनी गई समस्याएं, मौके पर हुआ कई मामलों का निराकरण
भोपाल, यशभारत। राजधानी के जिला मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देशन में आयोजित इस सत्र में कुल 150 आवेदन प्राप्त हुए। जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी और एडीएम सुमित पांडेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने आवेदकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया। जिन आवेदनों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उनके लिए समय-सीमा निर्धारित कर संबंधित अधिकारियों को फाइलें सौंपी गईं। सीईओ जिला पंचायत इला तिवारी ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना और उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान करना है।
सुनवाई के दौरान एडीएम अंकुर मेश्राम, जिले के सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। प्राप्त 150 आवेदनों में मुख्य रूप से जमीन विवाद, अतिक्रमण, राशन कार्ड, और सामाजिक सहायता योजनाओं से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं। कलेक्टर कार्यालय द्वारा इन सभी आवेदनों की मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि आवेदकों को अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें।







