रानी कमलापति व जबलपुर से संचालित होने वाली कोयम्बतूर को भी जल्द मिलेगी हरी झंडी
दो गाड़ियों को मिली हरी झंडी,दो और नियमित पटरी पर दौड़ने तैयार

जबलपुर यशभारत। रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से स्पेशल ट्रेन के रूप में चल रही जबलपुर रेलवे स्टेशन से संचालित जबलपुर -पुणे व जबलपुर बांद्रा दो ट्रेनों को रेलवे ने नियमित संचालन कर दिया।
इन ट्रेनों को भी जल्द मिलेगी हरी झंडी

वहीं दो अन्य ट्रेनों को भी जल्द नियमित किए जाने की तैयारी चल रही है। नियमित होने वाली ट्रेनों में जबलपुर -कोयंबटूर एवं भोपाल रेल मंडल से संचालित होने वाली रानी कमलापति- अगरतला ट्रेनों को भी नियमित करने की स्वीकृति रेलवे बोर्ड द्वारा मिल गई। नियमित संचालन होने पर नया नंबर रानी कमलापति अगरतला का स्पेशल ट्रेन नंबर 01665/01666 की जगह रेगुलर नंबर 11665 एवं 11666 वहीं जबलपुर कोयंबटूर स्पेशल का नंबर 02198//02197 की जगह पर नये नंबर 20160 एवं 20159 नये नंबर से दौड़ेंगी।इन दोनों ट्रेनों को जल्दी हरी झंडी मिलेगी।इस फैसले से यात्रियों को “जीरो टैग” की समस्या से राहत मिलेगी।
जीरो टैग से यात्रियों पर पड़ता था अतिरिक्त बोझ
दरअसल स्पेशल ट्रेनों पर जीरो नंबर टैग होने के कारण यात्रियों को अधिक किराया चुकाना पड़ता था। साथ ही समय-सारणी और सीट उपलब्धता को लेकर भी परेशानियां बनी रहती थीं। पश्चिम मध्य रेल द्वारा यात्रीभार और लगातार मिल रही मांग को देखते हुए ट्रेनों के नियमितीकरण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
यात्रियों के बढ़ने से लिया गया निर्णय
रेलवे सूत्रों के मुताबिक जिन ट्रेनों को नियमित किया गया है उनमें यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही थी। यही वजह है कि रेलवे ने इन्हें स्थायी रूप से संचालित करने का निर्णय लिया। वहीं दो अन्य ट्रेनों के संचालन और आय की समीक्षा अंतिम चरण में है।
मिलेंगी यात्रियों को सुविधाएं
नियमित ट्रेन का दर्जा मिलने के बाद यात्रियों को सामान्य किराया, बेहतर समय पालन और आरक्षण सुविधा का लाभ मिलेगा। लंबे समय से रेल उपभोक्ता संगठन और जनप्रतिनिधि इस मांग को उठा रहे थे। रेलवे के इस फैसले को महाकोशल क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।







