जबलपुरमध्य प्रदेश

गेंद जाने के विवाद में बच्चों पर हमला, बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर चाकू से वार, दो गंभीर

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी

जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र के सुहागी संभागीय कार्यालय इलाके में क्रिकेट खेल रहे बच्चों पर हुए जानलेवा हमले से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय और हनुमान मंदिर के पास स्थित एक चाय दुकान के संचालकों पर आरोप है कि उन्होंने क्रिकेट खेल रहे बच्चों के साथ विवाद के बाद हमला कर दिया। इस दौरान एक 9 वर्षीय बालक और बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार क्षेत्र में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान खेलते समय गेंद पास की दुकान की ओर चली गई। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि गुस्साए आरोपियों ने क्रिकेट खेल रहे 9 वर्षीय बालक ओम विश्वकर्मा पर कांच का गिलास फेंककर मार दिया, जिससे उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया।

घटना को देखकर आसपास मौजूद स्थानीय नागरिक जित्तू साहू बच्चों को बचाने और विवाद शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू के वार से जित्तू साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही अधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए हैं। वहीं आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि मामूली विवाद को लेकर बच्चों पर इस तरह का हमला बेहद चिंताजनक है। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की बात कही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायलों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button