भोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश

अंगदान से तीन लोगों को मिला जीवन, शिवानी को पुलिस ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

अंगदान से तीन लोगों को मिला जीवन, शिवानी को पुलिस ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

दुःख की घड़ी में परिजनों ने पेश की मानवता की मिसाल, एम्स भोपाल में ब्रेन डेड घोषित होने के बाद किया गया अंगदान

बनखेड़ी, यशभारत। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद ब्रेन डेड घोषित की गईं नर्मदापुरम जिले की बनखेड़ी तहसील के ग्राम खापा खुर्द निवासी श्रीमती बिलाश टांटी शर्मा (शिवानी) भले ही इस दुनिया में नहीं रहीं, लेकिन अंगदान के माध्यम से वह तीन लोगों को जीवन की नई उम्मीद दे गईं। एम्स भोपाल में हुए अंगदान से तीन लोगों को जीवन का अनमोल उपहार मिला है। शिवानी के परिजनों ने असहनीय दुःख के बीच अंगदान का निर्णय लेकर मानवता, संवेदनशीलता और परोपकार की अनुकरणीय मिसाल पेश की है।

राज्य शासन के निर्णय के अनुसार शिवानी के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव में मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान के माध्यम से उनके महादान और परिजनों के साहसपूर्ण निर्णय के प्रति श्रद्धा व्यक्त की गई।

शिवानी के परिजनों का यह निर्णय समाज को संदेश देता है कि किसी अपने को खोने का दुःख असहनीय होता है, लेकिन ऐसे कठिन समय में लिया गया अंगदान का निर्णय दूसरे परिवारों के जीवन में खुशियां लौटा सकता है। उनके इस महादान से तीन लोगों को नया जीवन मिलने की उम्मीद जगी है।

अंगदान के प्रति जागरूकता अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी सकारात्मक बदलाव ला रही है। शिवानी और उनके परिजनों की यह पहल समाज को अंगदान के महत्व को समझने तथा जरूरतमंदों का जीवन बचाने के लिए आगे आने की प्रेरणा देगी। शिवानी का योगदान मानवता के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button