मुख्यमंत्री परिवहन सेवा योजना से गांव शहरों को मिलेगी आधुनिक और सुगम यातायात सुविधा

मुख्यमंत्री परिवहन सेवा योजना से गांव शहरों को मिलेगी आधुनिक और सुगम यातायात सुविधा
भोपाल, यश भारत। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा शुरू की जा रही मुख्यमंत्री परिवहन सेवा योजना को प्रदेश में यातायात व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इस योजना के पीछे प्रधानमंत्री के सुगम सुरक्षित और आधुनिक परिवहन के विजन को आगे बढ़ाने का उद्देश्य बताया जा रहा है। सरकार का फोकस ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधाओं से जोड़ना है ताकि आम नागरिकों को सस्ती सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा सुविधा मिल सके। भाजपा प्रवक्ता योगेश गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री परिवहन सेवा योजना के तहत प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा। इसके माध्यम से गांवों और छोटे कस्बों तक बस सेवाओं का विस्तार किया जाएगा जिससे विद्यार्थियों, मजदूरों, किसानों और महिलाओं को आवागमन में सुविधा मिल सकेगी। सरकार का मानना है कि बेहतर परिवहन व्यवस्था से रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान होगी। प्रदेश सरकार ने हाल ही में ई-बस सेवाओं और सड़क विकास योजनाओं पर भी जोर दिया है। बजट में कई शहरों में ई बस संचालन और आधुनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार की घोषणा की गई है। इससे प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री परिवहन सेवा योजना केवल परिवहन सुविधा तक सीमित नहीं है बल्कि यह प्रदेश के विकास, रोजगार और सामाजिक जुड़ाव को भी मजबूत करेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और परिवहन सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया जाए।







