ट्विशा शर्मा मौत मामले में अब प्रेग्नेंसी विवादपर सीबीआई का मुख्य फोकस

ट्विशा शर्मा मौत मामले में अब प्रेग्नेंसी विवादपर सीबीआई का मुख्य फोकस
पति समर्थ ने चैट में पूछा था ‘तुम प्रेग्नेंट कैसे हो सकती हो, यह किसका बच्चा है?
डिजिटल साक्ष्यों को आधार बनाकर जांच को आगे बढ़ा रही है सीबीआई
भोपाल, यशभारत। राजधानी के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो की तफ्तीश अब पूरी तरह से प्रेग्नेंसी और उससे जुड़े विवाद पर केंद्रित हो गई है। केस को टेकओवर करने के बाद सीबीआई डिजिटल साक्ष्यों और वायरल चैट्स को खंगाल रही है, जिससे यह साफ संकेत मिल रहे हैं कि दोनों पक्षों के बीच विवाद की मुख्य वजह यही थी।
मामले से जुड़े डिजिटल एविडेंस और वायरल चैट के मुताबिक, पति समर्थ ने ट्विशा की प्रेग्नेंसी पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। समर्थ ने चैट में पूछा था, तुम प्रेग्नेंट कैसे हो सकती हो? यह किसका बच्चा है? इस पर ट्विशा ने अपनी सहेली या करीबी से चैट में लिखा था कि वह इन मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाले सवालों को कैसे नजरअंदाज करे? उसने यह भी लिखा था कि वह समर्थ अपने घटियापन की सारी हदें पार कर चुका है।
अब तक की पूछताछ और जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों की आपसी सहमति से गत 30 अप्रैल को प्रेग्नेंसी टर्मिनेट कराई गई थी। इस घटना के बाद से ही ट्विशा गहरे मानसिक तनाव में रहने लगी थी। तनाव बढ़ता देख उसकी सास गिरिबाला सिंह उसे बेटे समर्थ के साथ शहर के एक बड़े मनोचिकित्सक के पास भी ले गई थीं। यही कारण है कि सीबीआई अब इस पूरे घटनाक्रम को आत्महत्या के उकसावे या हत्या की कड़ियों से जोड़कर देख रही है।
उल्लेखनीय है कि 12 मई की रात ट्विशा का शव कटारा हिल्स स्थित घर में फांसी पर लटका मिला था। परिजनों के भारी विरोध और म.प्र. हाईकोर्ट के आदेश के बाद दिल्ली एम्स की टीम ने भोपाल पहुंचकर शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम किया था। इसके साथ ही पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने पूर्व में कटारा हिल्स स्थित बंगले पर पहुंचकर क्राइम सीन भी रिक्रिएट किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार की अनुशंसा पर 26 मई को सीबीआई ने इस हाई-प्रोफाइल केस को अपने हाथों में ले लिया था। वर्तमान में आरोपी पति समर्थ पुलिस रिमांड के बाद न्यायिक हिरासत में है।








