जीजा ने नाबालिग साली से किया रेप, गर्भवती होने पर खुला राज

जीजा ने नाबालिग साली से किया रेप, गर्भवती होने पर खुला राज
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज; आरोपी हिरासत में, पुलिस जांच में जुटी
भोपाल, यशभारत। राजधानी के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ उसके जीजा ने ही रेप किया। इस घिनौनी वारदात का खुलासा तब हुआ जब किशोरी की तबीयत खराब होने पर डॉक्टरी जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
अकेलेपन का फायदा उठाकर दी धमकी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता थाना क्षेत्र की एक बस्ती में रहती है। उसके पिता मजदूरी करते हैं और मां मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं। बताया जाता है कि अक्टूबर महीने में पीड़िता घर में अकेली थी। इसी दौरान उसका जीजा घर आया और नाबालिग को अकेला पाकर डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके कारण पीड़िता ने डर से घटना को छिपाए रखा।
अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने दर्ज की FIR
शनिवार को पीड़िता के पेट में दर्द और उल्टी होने पर उसके पिता उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। चेकअप के दौरान डॉक्टरों ने पीड़िता के गर्भवती होने की पुष्टि की। अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल इस गंभीर मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़िता की काउंसलिंग कराई, जिसके बाद उसके बयान दर्ज किए गए। बयानों में किशोरी ने आरोपी जीजा की करतूतों का खुलासा किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी जीजा के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे हिरासत में ले लिया गया है।वही पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।







