ब्रेकिंग न्यूज़:नॉर्थ सिक्किम में सेना की गाड़ी खाई में गिरी, 16 जवानों की मौत, 4 घायल

नेशनल डेस्क: नॉर्थ सिक्कम में बड़ा सड़क हादसा पेश आया है। खबरों की मानें तो नॉर्थ सिक्कम के जेमा में सेना का ट्रक गहरी खाई में गिर गया है। इस घटना में सेना के 16 जवानों की मौत हो गई और 4 घायल बताए जा रहे हैं। घायल जवानों को एयरलिफ्ट किया गया है। घायलों को इलाज के लिए तुंरत नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मौके पर राहत व बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सेना के तीन वाहन सुबह जवानों को लेकर जा रहे थे। काफिला चटन से थंगू की ओर जा रहा था। जेमा के रास्ते में एक वाहन का चालक अचानक मोड़ पर खड़ी ढलान की वजह से संतुलन खो बैठा और वाहन नीचे खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस अफसर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। इस हादसे पर सेना की ओर से बयान भी जारी किया गया है। सेना ने कहा कि वह इस दुख की घड़ी में में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। परिजन की हरसंभव मदद की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, ‘उत्तरी सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना के कारण भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से गहरा दुख हुआ। राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए हृदय से आभारी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। जो लोग घायल हुए हैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।’