जबलपुरमध्य प्रदेश

सनातन की ज्योति प्रज्वलित करेगा विप्र महाधिवेशन, प्रगतिशील ब्राह्मण महासभा के महाधिवेशन को लेकर अधिवक्ताओं की तैयारी बैठक संपन्न

जबलपुर। मध्य प्रदेश प्रगतिशील ब्राह्मण महासभा के आगामी 80वें वार्षिक महाधिवेशन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को तहसील चौक क्षेत्र में अधिवक्ताओं की एक विशेष एवं गरिमामयी बैठक आयोजित की गई। यह महाधिवेशन आगामी 25 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यह महाधिवेशन मात्र एक वार्षिक आयोजन नहीं, बल्कि वर्तमान उथल-पुथल भरे समय में धर्म, संस्कृति और सनातन मूल्यों की प्राण-प्रतिष्ठा का सशक्त मंच बनकर उभरेगा। वक्ताओं ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज जब विघटनकारी और असामाजिक शक्तियाँ सनातन संस्कृति के विशाल वटवृक्ष की जड़ों को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं, ऐसे समय में समाज की एकजुटता और सामूहिक चेतना अत्यंत आवश्यक है, और यही भूमिका यह महाधिवेशन निभाएगा।
बैठक में यह भी कहा गया कि सनातन समाज और विप्र वर्ग सदैव राष्ट्र-चिंतन, सामाजिक संतुलन और सांस्कृतिक संरक्षण की अग्रिम पंक्ति में रहा है। उसी वैचारिक परंपरा, तपस्या और राष्ट्रबोध की प्रतिध्वनि इस ऐतिहासिक महाधिवेशन में व्यापक रूप से दृष्टिगोचर होगी। अधिकाधिक संख्या में सहभागिता का आह्वान केवल आमंत्रण नहीं, बल्कि सनातन चेतना के सामूहिक संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान है।
इस गरिमामयी बैठक में प्रमुख रूप से श्री असीम त्रिवेदी, प्रशांत अवस्थी, संजय कुमार शर्मा, पंकज तिवारी, रीतेश शर्मा, विनीत टेहनगुनिया, सी.एम. शुक्ला, शशिकांत वाजपेयी, रोहिणी शर्मा, प्रभात त्रिवेदी, दीपक तिवारी, शुभम मिश्रा, अरुण तिवारी, जयेश तिवारी, आनंद शुक्ला, शुभम पाटकर, अंशुल ठाकुर, ए.के. द्विवेदी, विनोद मिश्रा एवं अशोक गोस्वामी सहित अनेक गणमान्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में यह जानकारी दी गई कि महाधिवेशन की तैयारियों को और अधिक व्यापक रूप देने हेतु आगामी दिनों में अन्य व्यावसायिक, सामाजिक एवं बौद्धिक वर्गों की भी श्रृंखलाबद्ध बैठकें आयोजित की जाएंगी।
आभार व्यक्त करते हुए विनीत टेहनगुनिया ने कहा कि “जबलपुर की पावन भूमि सनातन की एक नई, ऊर्जस्वी गाथा लिखने को तत्पर है, और इस गाथा के सूत्रधार बनेंगे मध्य प्रदेश प्रगतिशील ब्राह्मण महासभा का यह ऐतिहासिक महाधिवेशन।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button