देश

“गणतंत्र दिवस से पहले सीमा पर हलचल तेज: LoC पर दिखे 5 पाकिस्तानी ड्रोन, सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर”

संवेदनशील बिंदुओं पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती

जम्मू,एजेंसी। जम्मू-कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा (LoC) के आसपास ड्रोन गतिविधियों में अचानक तेजी दर्ज की गई है। गणतंत्र दिवस से ठीक पहले पाकिस्तान की ओर से ड्रोन की आवाजाही बढ़ जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। जानकारी के अनुसार इंटरनेशनल बॉर्डर और LoC के अलग-अलग सेक्टरों में कुल पांच पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए।

ड्रोन दिखने की सूचना पुंछ, नौशेरा, धर्मशाल, रामगढ़ और पराख क्षेत्रों से मिली है। राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में LoC के पास एक ड्रोन दिखाई देने पर भारतीय सेना ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उस पर फायरिंग की। इसके अलावा पुंछ के मनकोट सेक्टर, सांबा के रामगढ़ सेक्टर और राजौरी जिले के अन्य इलाकों में भी ड्रोन मंडराते देखे गए, जो कुछ मिनट भारतीय क्षेत्र के ऊपर रहने के बाद वापस लौट गए।

ड्रोन गतिविधियों के मद्देनजर सीमा से सटे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। सेना, बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी रख रही हैं, ताकि किसी भी तरह की घुसपैठ या हथियारों की तस्करी जैसी कोशिशों को नाकाम किया जा सके। इलाके के संवेदनशील बिंदुओं पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है।

इसी बीच अखनूर सेक्टर में एक संदिग्ध कबूतर पकड़े जाने का मामला भी सामने आया। कबूतर के पैरों में लगी अंगूठियों पर पाकिस्तानी पहचान से जुड़ी जानकारी लिखी हुई थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

इसके अलावा सांबा जिले के घगवाल क्षेत्र में पाकिस्तान से आए ड्रोन द्वारा गिराई गई हथियारों की खेप भी बरामद की गई। बरामद सामग्री में दो पिस्तौल, तीन मैगज़ीन, 16 जिंदा कारतूस और एक ग्रेनेड शामिल था। माना जा रहा है कि यह खेप सीमा पार से आतंकियों या उनके स्थानीय मददगारों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी।

सीमा पर बढ़ी हलचल ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है और गणतंत्र दिवस से पहले पूरे क्षेत्र में कड़ी निगरानी जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button