भोपाल आबकारी विभाग की कार्रवाई: जंगलों से 2 हजार किलो महुआ लहान और अवैध शराब जब्त

भोपाल आबकारी विभाग की कार्रवाई: जंगलों से 2 हजार किलो महुआ लहान और अवैध शराब जब्त
भोपाल, यशभारत। राजधानी में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और व्यापार के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग की टीम ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध महुआ लहान और हाथभट्टी शराब बरामद की है।
मिली जानकारी के अनुसार, 30 जून को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने व्रत बैरसिया के ग्राम मनीखेड़ी और रतुआ पठार के जंगलों में घेराबंदी कर छापेमारी की। तलाशी के दौरान टीम को भारी मात्रा में अवैध सामग्री हाथ लगी, जिसमें कुल 2 हजार किलोग्राम महुआ लहान और 25 लीटर अवैध हाथभट्टी मदिरा शामिल है। जब्त की गई अवैध मदिरा और लहान की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 5 हजार रुपये आंकी गई है। आबकारी टीम ने मौके पर ही महुआ लहान को विधिवत नष्ट कर दिया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं मिला, जिसका फायदा उठाकर आरोपी जंगलों का सहारा लेकर फरार हो गए। आबकारी विभाग द्वारा मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कुल 5 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला विवेचना में ले लिया गया है और उनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।







