बरगी बांध क्रूज हादसा: बिना टिकट सवारियों का नहीं कोई रिकॉर्ड, बढ़ सकता है लापता और मृतकों का आंकड़ा, पलटे क्रूज के नीचे और लोगों के फंसे होने की आशंका, बचाव अभियान तेज

जबलपुर, यश भारत। बरगी बांध में गुरुवार शाम हुए क्रूज हादसे के बाद स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 30 यात्रियों के टिकट काउंटर से जारी किए गए थे, लेकिन सूत्रों के मुताबिक कुछ लोग बिना टिकट भी क्रूज पर सवार थे, जिनका कोई आधिकारिक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि लापता और मृतकों की संख्या आधिकारिक आंकड़ों से अधिक हो सकती है।
ताजा जानकारी के अनुसार, 6 लोगों की मौत की सूचना सामने आ रही है, जबकि 10 से अधिक लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हालांकि प्रशासन ने अभी इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
हादसा शाम करीब 6:30 बजे हुआ, जब क्रूज नर्मदा नदी में भ्रमण कर लौट रहा था। तेज हवा के कारण संतुलन बिगड़ने से क्रूज पलट गया और सभी यात्री पानी में जा गिरे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
करीब 12 से 15 लोग लाइफ जैकेट के सहारे तैरकर किनारे पहुंच गए, जबकि कुछ को रेस्क्यू टीम ने बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है। बरगी से तीन एंबुलेंस जबलपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना की गई हैं।
मौके पर पुलिस, होमगार्ड, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। बचाव अभियान पलटे हुए क्रूज के आसपास केंद्रित किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि क्रूज के नीचे भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं। क्रूज पूरी तरह उलट गया है, जिससे गोताखोरों को नीचे पहुंचने में कठिनाई हो रही है, हालांकि फ्लड लाइट की मदद से रात में भी रेस्क्यू जारी है।
घटनास्थल पर कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह सहित प्रशासनिक अमला मौजूद है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता लापता लोगों की तलाश और बचाव कार्य को तेज करना है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख
मंत्री राकेश सिंह को मौके पर जाने के निर्देश सभी त्वरित सहायता पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन को दिये आदेश सांसद आशीष दुबे संभागीय कमिश्नर आईजी कलेक्टर एसपी दल बल के साथ पल पल रखे है हर स्थिति पर नजर
बरगी बांध में क्रूज में कुल 29 यात्रियों के टिकट जारी किए गए थे। इनमें से 15 व्यक्तियों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 4 व्यक्तियों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। शेष व्यक्तियों की तलाश एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
घटनास्थल पर जबलपुर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के साथ एसडीआरएफ तथा अन्य बचाव दल मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य सतत रूप से संचालित किए जा रहे हैं।
जनसंपर्क मध्यप्रदेश






