ट्विशा शर्मा मौत मामले की आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर चोरी का प्रयास

ट्विशा शर्मा मौत मामले की आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर चोरी का प्रयास
– पुलिस की सक्रियता से नाकाम हुए बदमाश
भोपाल, यश भारत । एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात चोरी का प्रयास किया गया। बदमाश घर से सोने के जेवरात और गिरिबाला सिंह तथा उनके बेटे समर्थ सिंह से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों की एक फाइल ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते उन्हें सामान छोड़कर फरार होना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, वारदात के समय गिरिबाला सिंह के भाई घर में मौजूद थे। उन्होंने बताया कि चोर मकान के पिछले हिस्से से अंदर घुसे थे, इसलिए घर में मौजूद लोगों को घटना की भनक तक नहीं लगी। इसी दौरान क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही पुलिस की गाड़ी घर के पास पहुंच गई।
पुलिस वाहन का सायरन सुनते ही बदमाश घबरा गए और चोरी किया गया सामान वहीं छोड़कर भाग निकले। पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी फरार होने में सफल रहे।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में दिखाई दी संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर रविवार को दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और चोरी के प्रयास में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। एसीपी रजनीश कश्यप ने चोरी के प्रयास और सामान की बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किए जाने की संभावना है।






