PAK के लिए जासूसी के शक में पंजाब से गिरफ्तारी:ऑपरेशन सिंदूर की जानकारियां भेज रहा था

पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के शक में पंजाब के तरनतारन से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वह ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी सैन्य जानकारियां पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI को भेज रहा था। आरोपी की पहचान तरनतारन के मोहल्ला रोडूपुर गली नजर सिंह वाली के गगनदीप सिंह उर्फ गगन के रूप में हुई है। यह कार्रवाई पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट और तरनतारन पुलिस ने की है। DGP गौरव यादव के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गगनदीप सिंह 5 साल से पाकिस्तान में बैठे खालिस्तान समर्थक गोपाल सिंह चावला के संपर्क में था।
चावला के जरिए ही उसका परिचय पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों से हुआ था। आरोपी ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत में सेना की गतिविधियों, सैनिकों की तैनाती और रणनीतिक ठिकानों की सूचनाएं पाकिस्तान से साझा की थीं, जो देश की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकती थीं। बता दें कि अब तक पंजाब से जासूसी के शक में 5 व्यक्ति पकड़े जा चुके हैं, जिनके पाकिस्तान से कनेक्शन मिले हैं।
आरोपी से पुलिस को क्या-क्या मिला…
आरोपी को घर से पकड़ा, कॉल डिटेल्स मिले: DGP ने बताया है कि आरोपी को उसके घर से सोमवार देर रात पकड़ा गया। वह लगातार पाकिस्तानी एजेंसियों के संपर्क में था। ऑपरेशन सिंदूर के शुरू होने के बाद भी वह लगातार पाकिस्तान में कॉल्स कर रहा था। मोबाइल में ISI एजेंटों के कॉन्टैक्ट थे: उसके घर की तलाशी में मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसमें खुफिया जानकारी मौजूद है। यह जानकारी ISI एजेंटों को भेजी गई थी। उसके मोबाइल फोन में ISI से जुड़े 20 से अधिक कॉन्टैक्ट भी मिले हैं।
बैंक खाते में पाकिस्तान से ट्रांजैक्शन: आरोपी के बैंक खाते में पाकिस्तान के अधिकारियों की ओर से किए गए ट्रांजैक्शन मिले हैं। पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के कितने बैंक अकाउंट हैं।







