अर्चना के परिजनों को सता रही हादसे की आशंका – भोपाल से लेकर नर्मदपुरम तक जंगलों में जा रही तलाश

अर्चना के परिजनों को सता रही हादसे की आशंका
– भोपाल से लेकर नर्मदपुरम तक जंगलों में जा रही तलाश
– जीआरपी थाना भोपाल पहुंचे परिजनों ने जांच अधिकारियों से की मुलाकात
भोपाल यशभारत। कमलापति रेलवे स्टेशन से 7 अगस्त को गायब हुई कटनी निवासी अर्चना तिवारी का सुराग लगाने के लिए अब पुलिस और जीआरपी का अमला जंगलों की सर्चिंग अभियान शुरू करने जा रही है। भोपाल से लेकर नर्मदापुरम तक जगह जगह तलाश की जाएगी। दरअसल जांच टीम हादसे की आशंका भी जता रही है। जांच अधिकारियों का मानना है कि सफर के दौरान किसी तरह का हादस ना हुआ हो इस पहलु पर भी जांच की जा रही है। अर्चना तिवारी तिवारी का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। परिजनों की ओर से सूचना देने वाले के इनाम देने की घोषणा भी की गई है।
भोपाल जीआरपी थाने पहुंचे परिजन
अर्चना के परिजन भोपाल जीआरपी थाने में पहुंचे व जांच अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान परिजनों को जांच की दिशा बताई गई है। परिजनों का कहना है कि किसी भी तरह का संपर्क एक सप्ताह से नहीं हुआ है। अलग अलग मोबाइल लोकेशन मिलने से भी अब तक सफलता नहीं मिल सकी है। बुधवार को जांच दल मंडीदीप पहुंचा और कुछ जगहों पर तलाशी अभियान चलाया। करीब दो घंटे तक जांच टीम मंडीदीप में रही, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी है।
नर्मदापुरम और इटारसी में तलाश जारी
इटारसी जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे ने बताया कि नर्मदापुरम और इटारसी में भी अर्चना तिवारी की तलाश की जा रही है। लोकेशन इटारसी रेलवे स्टेशन व नर्मदाब्रिज के पास मिली थी। दोनों थाना क्षेत्रों में सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। इंदौर में भी पुलिस टीम जांच कर ही है।
कटनी पुलिस ने जीआरपी को सौंपी सीडीआर
सूत्रों के मुताबिक अर्चना का वह बैग भी बरामद कर लिया गया है जिसमें उसके कपड़े थे, हालांकि इससे कोई सुराग हाथ नहीं लग सका है। कटनी पुलिस ने केस डायरी व सीडीआर सौंप दी है। इसके अलावा कुछ संदेहियों के नाम व नंबर सहित जांच में सहायक तनकीकी चीजें भी जांच टीम को सौंपी गई है। माना जा रहा है कि पुलिस जल्द ही इस मामले का खुलासा कर सकती है।
अलग अलग लोकेशन पर भेजी गई टीम
अर्चना की तलाश में जांच टीमें अलग अलग जगहों पर भेजी गई है। भोपाल जीआरपी, कटनी, नर्मदापुरम पुलिस की जांच टीम बनाई गई है। पूरे मामले की जांच रेल एसपी राहुल लोढ़ा के निर्देशन में की जा रही है। अर्चना की तलाश के लिए जांच बिंदु तय किए गए हैं।
हर पहलु पर जांच की जा रही है
मामले से जुड़े हर पहलु पर जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आ रहे हैं उनके आधार पर जांच चल रही है।
– राहुल लोढ़ा, एसपी रेल भोपाल







