आवारा मवेशियों की दहशत का एक और शिकार, बैल के हमले में बुजुर्ग की मौत, देखे वीडियो …….
खेरमाई मंदिर के पास सरेराह हुआ हादसा

जबलपुर,यशभारत। हनुमानताल थाना क्षेत्र में सड़क पर खुलेआम लड़ रहे बैलों की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए 60 वर्षीय बुजुर्ग की मंगलवार सुबह निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में बैल ने बुजुर्ग को पीछे से उठाकर इतनी जोर से सड़क पर पटका कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद से अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे बुजुर्ग ने आखिरकार दम तोड़ दिया। घटना ने शहर की सड़कों पर खुले घूमने वाले आवारा मवेशियों की समस्या को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम टेमरभीटा, थाना गोराबाजार निवासी रवि यादव (60) 6 सितंबर को किसी काम से पैदल जा रहे थे। वे खेरमाई मंदिर के समीप पहुंचे ही थे कि बीच सड़क पर दो बैलों के बीच लड़ाई चल रही थी। रवि यादव सड़क से निकलने का प्रयास कर रहे थे, तभी अचानक एक बैल बेकाबू होकर उनकी तरफ दौड़ा और पीछे से उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। बैल ने रवि यादव को सींगों से उठाकर सड़क पर पटक दिया।
अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति संभाली और गंभीर रूप से घायल रवि यादव को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन मंगलवार सुबह उनकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत के बाद उठे सवाल
इस हादसे के बाद शहर में सड़कों पर खुले घूमने वाले आवारा मवेशियों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। आए दिन सड़क पर मवेशियों के जमावड़े और उनके आपस में लड़ने से वाहन चालक और राहगीर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से अब एक बुजुर्ग की जान चली गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
बुजुर्ग की मौत की सूचना मिलने के बाद हनुमानताल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस द्वारा शव का पंचनामा एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाने के साथ ही पूरे मामले की जांच कर रही है।







