
जबलपुर, यश भारत। रांझी थाना क्षेत्र के मड़ई इलाके में स्वीट्स दुकान पर गुंडागर्दी, तोड़फोड़, मारपीट और अवैध वसूली के मामले में पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का घटनास्थल क्षेत्र में जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी व्यापारियों के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए। उन्होंने भविष्य में अपराध नहीं करने और किसी व्यापारी को परेशान नहीं करने की शपथ भी ली।
मड़ई निवासी महेश गुप्ता की स्वीट्स दुकान पर हुई घटना के संबंध में रांझी थाने में 30 अगस्त को अपराध क्रमांक 671/24 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच में छोटू कबाड़ी, सुमित उर्फ जैंगो और बिज्जू चौधरी के नाम सामने आए थे। पुलिस ने 5 सितंबर को विजय उर्फ बिज्जू चौधरी और सुमित उर्फ जैंगो केवट को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पूछताछ में अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने दबिश देकर अभिषेक उर्फ छोटू कव्वाली, राज कोल उर्फ राज केटीएम, अभिषेक भूमिया, राजीव कोल उर्फ राज स्मार्टी और स्वप्निल उर्फ रोहन कोल को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर घटना की तस्दीक कराई। इस दौरान व्यापारियों के सामने आरोपियों से माफी मंगवाई गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि गुंडागर्दी, अवैध वसूली, मारपीट और व्यापारियों को धमकाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







