किलर रोड’ पर फिर हादसा: बारात से लौट रही कार पलटी, 3 युवकों की मौत, 4 घायल
वाराणसी-शक्तिनगर राज्यमार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा

सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर राज्यमार्ग पर एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। शनिवार तड़के बारात से लौट रही कार के अनियंत्रित होकर पलटने से तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, कार में चालक समेत कुल 8 लोग सवार थे, जो नगवां ब्लॉक के पौनी गांव से चोपन क्षेत्र के कन्हौरा गांव लौट रहे थे। रास्ते में रॉबर्ट्सगंज के लोढ़ी चौकी क्षेत्र में वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां दिलीप पासवान (22), नीतीश यादव (26) और जितेंद्र साहनी (25) को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में घायल चालक छोटेलाल साहनी (26), पंकज चौधरी (17), रामा (18) और एक 15 वर्षीय किशोर का इलाज जारी है। चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे कर यातायात बहाल किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार सभी लोग शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।







