Top-5जबलपुरमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

गुस्से में उठाई कुल्हाड़ी, पति की चली गई जान; गोरखपुर पुलिस ने पत्नी को पकड़ा

जबलपुर,यश भारत। गोरखपुर थाना क्षेत्र के कैलाशपुरी में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर अपने पति की हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी जब्त कर ली है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान नितिन जायसवाल (37) के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी संगीता जायसवाल (30) और तीन वर्षीय बेटे के साथ कैलाशपुरी क्षेत्र में रहता था। पड़ोस में रहने वाले प्रमोद मसीह ने पुलिस को बताया कि पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। नितिन के शराब पीने की आदत को लेकर भी घर में झगड़े होने की बात सामने आई है।

बताया गया कि 11 अक्टूबर की दोपहर करीब 3:30 बजे घर से संगीता के चिल्लाने और झगड़े की आवाज सुनाई दी। इस पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो नितिन कमरे में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। पूछताछ के दौरान संगीता ने कथित तौर पर बताया कि पति उसके साथ मारपीट कर रहा था, जिसके गुस्से में उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से उसके सिर और चेहरे पर हमला कर दिया।

कुल्हाड़ी से किए गए हमले में नितिन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल और रामपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक महेंद्र जाटव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी पत्नी संगीता जायसवाल को अभिरक्षा में लेकर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त कर ली गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button