एलबीएस अस्पताल के पास तालाब में तैरता मिला अज्ञात शव

एलबीएस अस्पताल के पास तालाब में तैरता मिला अज्ञात शव
भोपाल,यशभारत। राजधानी के कोहेफिजा थाना क्षेत्र अंतर्गत एलबीएस अस्पताल के सामने स्थित तालाब में गुरुवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह जब राहगीरों ने पानी में शव को उतराते देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों का भारी मजमा लग गया।
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और गोताखोरों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र और पहचान के संबंध में फिलहाल कोई ठोस दस्तावेज या सुराग नहीं मिले हैं। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कर रही है ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
वही पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। मौत किन परिस्थितियों में हुई और यह मामला हत्या, आत्महत्या या दुर्घटना है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
फिलहाल पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि मृतक तालाब तक कैसे पहुँचा।







