भोपालमध्य प्रदेश

AIMIM प्रमुख ओवैसी का भोपाल दौरा आज: UCC के खिलाफ जनसभा को करेंगे संबोधित

AIMIM प्रमुख ओवैसी का भोपाल दौरा आज: UCC के खिलाफ जनसभा को करेंगे संबोधित

भोपाल, यशभारत। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी आज भोपाल पहुंच रहे हैं। ओवैसी दोपहर करीब 2:50 बजे राजा भोज एयरपोर्ट उतरने के बाद सीधे होटल जहांनुमा पहुंचेंगे, जहां वे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और चर्चा करेंगे। इसके बाद शाम 7:30 बजे वे सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के विरोध में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।

यह जनसभा AIMIM द्वारा समान नागरिक संहिता (UCC) के खिलाफ चलाए जा रहे देशव्यापी अभियान का हिस्सा है। ओवैसी के इस दौरे को लेकर स्थानीय राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। हालांकि, गणेश उत्सव के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था का हवाला देते हुए कुछ स्थानीय संगठनों ने इस कार्यक्रम को रद्द करने की मांग की थी, लेकिन AIMIM ने स्पष्ट किया है कि जनसभा अपने पूर्व निर्धारित समय पर ही आयोजित होगी।

मध्य प्रदेश से जुड़े मुद्दों पर असदुद्दीन ओवैसी लगातार मुखर रहे हैं। जून 2024 में मंडला जिले में गौमांस मिलने के आरोप के बाद 11 मकानों पर चलाए गए बुलडोजर पर उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए सख्त आपत्ति जताई थी। 2015 के अखलाक हत्याकांड का जिक्र करते हुए ओवैसी ने आरोप लगाया था कि पहले जो काम भीड़ करती थी, वही काम अब सरकारें कर रही हैं। उनके इस बयान पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा था कि यह मध्य प्रदेश है, हैदराबाद नहीं।

इसके अलावा, मई 2026 में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा भोजशाला परिसर को लेकर दिए गए फैसले पर भी ओवैसी ने टिप्पणी की थी। उन्होंने भोजशाला परिसर को 700 साल पुरानी मस्जिद और वक्फ संपत्ति बताते हुए दावा किया था कि सुप्रीम कोर्ट इस फैसले को पलट देगा। हाल ही में जनवरी 2026 में इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के मामले में भी उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए बुनियादी जनसुविधाओं की अनदेखी का आरोप लगाया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button