पति ने घर से निकाला तो महिला ने मायके पहुंच कर फांसी लगाई

पति ने घर से निकाला तो महिला ने मायके पहुंच कर फांसी लगाई
-मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
भोपाल, यशभारत। कोहेफिजा इलाके में एक महिला ने अपने पति द्वारा घर से निकाले जाने से दुखी होकर मायके पहुंच कर फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली। करीब पांच साल पहले उसकी शादी हुई थी। इधर तलैया थाना क्षेत्र में घर की बालकनी से गिरने से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
थाना पुलिस के मुताबिक विजय नगर लालघाटी निवासी पूजा जायसवाल(35) गृहणी थीं। करीब पांच साल पहले उसकी शादी झांसी में हुई थी। सितंबर माह में पति ने उन्हें अपने घर से निकाल दिया था। उसके बाद वह अपने मायके पहुंच गई, इस घटना के बाद से ही महिला डिप्रेशन में चल रही थी। कल दोपहर उसने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका का शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया। सुसाइड नोट नहीं मिलने की वजह से कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। मायके पक्ष ने पति पर प्रताडि़त करने के आरोप लगाए हैं। इधर तलैया पुलिस ने बताया कि भोईपुरा निवासी रोबिन(45) प्राइवेट काम करता था। गत 18 सितंबर को वह बालकनी से गिर कर घायल हो गया था। घटना के बाद से हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर उपचार के दौरान उसकी कल मौत हो गई। शुरूआती जांच में इस बात का खुलासा नहीं हो सका है कि वह बालकनी से कैसे कैसे गिरा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







