38 किलो एम्फेटामाइन के बाद अब नेटवर्क की तलाश में डीआरआई

38 किलो एम्फेटामाइन के बाद अब नेटवर्क की तलाश में डीआरआई
– भोपाल और रानी कमलापति स्टेशन से पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ
– सप्लायर से लेकर डिलीवरी लेने वाले तक पहुंचने की कोशिश
भोपाल, यश भारत । राजधानी में दो दिन में 4.38 किलो एम्फेटामाइन की बरामदगी के बाद राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की जांच अब ड्रग के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने पर केंद्रित होगी। 23 और 24 सितंबर को भोपाल और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर हुई कार्रवाई में पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर एजेंसी यह पता लगाने में जुटेगी कि नशीला पदार्थ कहां से मिला, किसने उपलब्ध कराया और इसे भोपाल में किस व्यक्ति या नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था।
सप्लाई की कड़ी तलाशेगी एजेंसी
जांच में सबसे पहले आरोपियों के संपर्कों और यात्रा से जुड़े विवरणों को खंगाला जा सकता है। इसके आधार पर ड्रग उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति, सप्लाई चैन और आगे खेप लेने वाले लोगों की पहचान करने का प्रयास होगा। दोनों मामलों में ड्रग की बरामदगी अलग-अलग स्थानों से हुई है, इसलिए डीआरआई यह भी जांच करेगी कि इनके पीछे कोई साझा नेटवर्क था या दोनों मामले अलग-अलग तस्करी से जुड़े हैं।
यात्रा और सामान की जांच अहम
भोपाल रेलवे स्टेशन पर पकड़े गए आरोपी के दिल्ली से आने और रानी कमलापति स्टेशन पर पकड़ी गई नाइजीरियाई महिला के आगरा कैंट से भोपाल आने की जानकारी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी। एजेंसी यात्रा के दौरान उनके संपर्क में आए लोगों और ठहरने के संभावित स्थानों की जानकारी जुटा सकती है। सामान में एम्फेटामाइन छिपाने के तरीके से भी तस्करी के नेटवर्क के बारे में सुराग मिलने की संभावना है।
मोबाइल और डिजिटल संपर्क भी जांच के दायरे में
आरोपियों के मोबाइल फोन, चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच से कथित सप्लायर और संपर्कों की पहचान करने की कोशिश की जा सकती है। वित्तीय लेन-देन की जांच से यह पता लगाने में भी मदद मिल सकती है कि नशीले पदार्थ की खरीद और भुगतान किस माध्यम से हुआ।
दो कार्रवाई में 4.38 किलो एम्फेटामाइन जब्त
डीआरआई ने दोनों मामलों में कुल 4.38 किलो एम्फेटामाइन बरामद की है, जिसकी अवैध अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपए बताई गई है। पहली कार्रवाई भोपाल रेलवे स्टेशन पर 2.014 किलो और दूसरी रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर 2.368 किलो एम्फेटामाइन की बरामदगी के साथ हुई थी।







