भोपाल में थाना प्रभारी और आरक्षक पर गिरी गाज: अनैतिक संबंध और पद के दुरुपयोग के आरोप में TI सुनील शर्मा व कॉन्स्टेबल निलंबित

भोपाल में थाना प्रभारी और आरक्षक पर गिरी गाज: अनैतिक संबंध और पद के दुरुपयोग के आरोप में TI सुनील शर्मा व कॉन्स्टेबल निलंबित
भोपाल,यशभारत। राजधानी भोपाल के अरेरा हिल्स पुलिस थाने से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस कमिश्नर ने सख्त कदम उठाते हुए थाना प्रभारी सुनील शर्मा और आरक्षक नंदकिशोर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। दोनों पुलिसकर्मियों पर पद के दुरुपयोग और गंभीर व्यक्तिगत कदाचार के आरोप लगे हैं।
शिकायत और प्रस्तुत साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार, एक युवक ने भोपाल पुलिस कमिश्नर के समक्ष उपस्थित होकर थाना प्रभारी सुनील शर्मा के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि TI सुनील शर्मा ने उनकी पत्नी के साथ अनैतिक संबंध बनाए और अपने पदीय प्रभाव का दुरुपयोग किया। शिकायत के साथ युवक ने पुलिस कमिश्नर को कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी सौंपे।
आरक्षक की भूमिका भी पाई गई संदिग्ध
मामले में थाना प्रभारी के साथ-साथ आरक्षक नंदकिशोर की भूमिका भी कटघरे में आई है। आरोप है कि आरक्षक को थाना प्रभारी की इन गतिविधियों की पूरी जानकारी थी। इतना ही नहीं, उसने भी महिला पर दबाव बनाने की कोशिश में थाना प्रभारी का सहयोग किया।
विभागीय जांच के आदेश जारी
पुलिस कमिश्नर ने शिकायत और शुरुआती साक्ष्यों को अत्यंत गंभीर मानते हुए दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों के खिलाफ विभागीय जांच जारी रहेगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई तय की जाएगी।







