एमबीबीएस इंटर्नों ने उठाया स्टाइपेंड का मुद्दा वन नेशन वन स्टाइपेंड की मांग, मानदेय 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग

एमबीबीएस इंटर्नों ने उठाया स्टाइपेंड का मुद्दा
वन नेशन वन स्टाइपेंड की मांग, मानदेय 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग
भोपाल, यश भारत। मध्यप्रदेश के एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर सरकार के सामने अपनी आवाज बुलंद की है। इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि वे अस्पतालों में दिन रात मरीजों की सेवा इमरजेंसी ड्यूटी और इलाज की जिम्मेदारी निभाते हैं लेकिन उनके कार्य के अनुरूप मिलने वाला स्टाइपेंड बेहद कम है। इंटर्न डॉक्टरों ने मांग की है कि प्रदेश में वर्तमान 14,337 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड को बढ़ाकर 30 हजार रुपये किया जाए। उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई और लंबे कार्य घंटों के बीच मौजूदा मानदेय पर्याप्त नहीं है। इंटर्न डॉक्टरों ने वन नेशन वन स्टाइपेंड की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि देश के कई राज्यों में मेडिकल इंटर्न को मध्यप्रदेश की तुलना में कहीं अधिक स्टाइपेंड दिया जा रहा है। जब पूरे देश में एमबीबीएस की पढ़ाई इंटर्नशिप की अवधि और मरीजों के प्रति जिम्मेदारियां लगभग समान हैं तो राज्यों के बीच स्टाइपेंड में इतना बड़ा अंतर उचित नहीं है। इंटर्न डॉक्टरों ने सरकार से जल्द इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि बेहतर स्टाइपेंड से युवा डॉक्टरों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक समर्पण के साथ स्वास्थ्य सेवाएं दे सकेंगे।






