मध्य प्रदेशराज्य

दोहरे हत्याकांड का खौफनाक खुलासा : रिश्तों का खून, मेड़ पर जंग: मौसेरे भाइयों ने की दंपती की हत्या

गोटेगांव- नरसिंहपुर। जिले के डोगरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम डंगहा में 19 जुलाई की रात हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया। खेत की मेड़ को लेकर चले जमीनी विवाद और पुरानी रंजिश में दो मौसेरे भाइयों ने दंपती पर हमला कर दिया था।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने बताया कि 19 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे खेत पर रह रहे दंपती पर अज्ञात बदमाशों ने लोहे की रॉड, फावड़ा और डंडों से हमला किया था। इसमें पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। आरोपी घायल महिला के सोने के टॉप्स, मंगलसूत्र और चांदी की पायल लूटकर फरार हो गए थे।

जांच में पता चला कि मृतक का चीचली निवासी पुष्पराज कौरव से खेत की मेड़ को लेकर लंबे समय से विवाद था। पूछताछ में पुष्पराज ने अपने मौसेरे भाई अनिकेत कौरव के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। वारदात से पहले आरोपियों ने खेत की बिजली के तार काटकर अंधेरा कर दिया था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटे गए जेवर, हत्या में प्रयुक्त रॉड, फावड़ा, डंडा और स्कूटी बरामद की है। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

मृतक के परिजनों ने घटना में 4 लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है। एसपी ने कहा कि विवेचना जारी है, अन्य की संलिप्तता मिलने पर कार्रवाई होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button