भिवाड़ी की केमिकल फैक्ट्री में भीषण विस्फोट के बाद आग, 7 मजदूरों की दर्दनाक मौत
कई अब भी अंदर फंसे

राजस्थान,एजेंसी। औद्योगिक शहर भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक केमिकल फैक्ट्री में जोरदार धमाकों के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में 6 से 7 मजदूरों के जिंदा जलने की आशंका है, जबकि कई श्रमिक अब भी फैक्ट्री के भीतर फंसे बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय फैक्ट्री में करीब 20 से 25 मजदूर काम कर रहे थे। धमाकों के बाद आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। कुछ मजदूर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन लगभग 10 लोगों के अंदर फंसे होने की सूचना है। आग की सूचना मिलते ही आधा दर्जन दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फैक्ट्री कई महीनों से बंद थी और परिसर में बड़ी मात्रा में गत्ते का स्टॉक रखा हुआ था। घटना से पहले 3 से 4 तेज धमाकों की आवाज सुनी गई, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। मामले की जांच के लिए डीएसपी शिवराज सिंह मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को एहतियातन खाली करवा दिया है और बचाव कार्य जारी है।






