ट्रेन एक, नाम अनेक! रेलवे की ‘डबल रोल’ स्पेशल पर उठे सवाल
जबलपुर-अयोध्या ट्रेन के नाम से यात्री असमंजस में

ट्रेन एक, नाम अनेक! रेलवे की ‘डबल रोल’ स्पेशल पर उठे सवाल
जबलपुर-अयोध्या ट्रेन के नाम से यात्री असमंजस में
जबलपुर यशभारत। रेलवे की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जबलपुर से अयोध्या के बीच चल रही विशेष ट्रेन को लेकर यात्रियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है—आखिर यह ट्रेन समर स्पेशल है या होली स्पेशल? नाम के इस खेल ने यात्रियों को उलझन में डाल दिया है।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर से अयोध्या के बीच संचालित की जा रही विशेष ट्रेन इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। रेलवे द्वारा इस ट्रेन को कभी “होली स्पेशल” तो कभी “समर स्पेशल” के रूप में प्रचारित किया जा रहा है, जिससे यात्रियों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस संबंध में यात्रियों का कहना है कि टिकट बुकिंग के दौरान एक नाम दिखाई देता है, जबकि स्टेशन पर पूछताछ करने पर दूसरा नाम बताया जाता है। यही नहीं, कोच डिस्प्ले और अनाउंसमेंट में भी अलग-अलग नाम सुनाई दे रहे हैं। ऐसे में यात्रियों को यह समझ नहीं आ रहा कि आखिर वे किस स्पेशल ट्रेन में सफर कर रहे हैं।रेलवे के इस “नामकरण” को लेकर यात्रियों ने तंज कसते हुए कहा कि ट्रेन भले ही एक ही हो, लेकिन नाम कई हैं—शायद रेलवे भी तय नहीं कर पा रहा कि यह त्योहार की स्पेशल है या गर्मी की। वहीं जानकारों का मानना है कि इस तरह की लापरवाही से रेलवे की छवि प्रभावित होती है और यात्रियों का भरोसा भी डगमगाता है। यात्रियों ने मांग की है कि रेलवे इस स्थिति को स्पष्ट करे और एक ही नाम से ट्रेन का संचालन सुनिश्चित करे, ताकि अनावश्यक भ्रम की स्थिति समाप्त हो सके।फिलहाल यह “स्पेशल” ट्रेन अपने नाम से ज्यादा कन्फ्यूजन के कारण चर्चा में है, और यात्री इसी उलझन में सफर करने को मजबूर हैं।







