हिंदू नववर्ष के स्वागत में नरेला के प्रभात चौराहे पर हुई भव्य आतिशबाजी

हिंदू नववर्ष के स्वागत में नरेला के प्रभात चौराहे पर हुई भव्य आतिशबाजी
मंत्री विश्वास सारंग ने हिंदू नववर्ष की पूर्व संध्या पर दी शुभकामनाएं
भोपाल यश भारत । हिंदू नववर्ष के स्वागत में राजधानी के नरेला विधानसभा क्षेत्र स्थित प्रभात चौराहे पर बुधवार को भव्य आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विशाल भगवा ध्वज लहराकर नागरिकों को हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सारंग ने कहा कि हिंदू नववर्ष केवल तिथि परिवर्तन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और नवचेतना का प्रतीक है। यह पर्व सनातन परंपराओं, ऋषि-मुनियों के ज्ञान और प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि चैत्र मास से प्रारंभ होने वाला यह नववर्ष सृष्टि के नवसृजन का प्रतीक है, जब प्रकृति स्वयं नवीन रूप में सजती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है।
मंत्री सारंग ने भारतीय पंचांग की वैज्ञानिकता पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि यह नववर्ष ऋतु परिवर्तन, कृषि चक्र और जीवन संतुलन से जुड़ा हुआ है। यह अवसर समाज में संस्कार, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति समर्पण को मजबूत करने का संदेश देता है।
राष्ट्र निर्माण के संकल्प का आह्वान
उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि नववर्ष को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए इसे नई शुरुआत का प्रतीक बनाएं। स्वच्छता, सामाजिक समरसता, सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जीवन में अपनाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े बदलाव का आधार बनते हैं।
देशभक्ति गीतों से गूंजा वातावरण
प्रभात चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में रंग-बिरंगी आतिशबाजी और देशभक्ति गीतों की संगीतमय प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को उत्साह और देशभक्ति से भर दिया। कार्यक्रम में पार्षद सूर्यकांत गुप्ता, अशोक वाणी, राकेश यादव बाबा, विमलेश ठाकुर, भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप शेखावत, मंडल अध्यक्ष विक्की ठाकुर, नितिन पाठक, संदीप चौकसे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, भाजपा पदाधिकारी और युवा उपस्थित रहे।







