
प्रयागराज। नैनी के नए यमुना पुल से पहले लेप्रोसी चौराहे पर शुक्रवार सुबह तड़के भीषण सड़क दुर्घटना में दो कारों की तेज भिड़ंत में पिता और उसके दो पुत्रों की मौत हो गई। बेटी और बहन बहनोई समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जम रही।दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी की सीएचसी चाका भेजा जहां से हालत गंभीर होने के कारण सभी को स्वरूप रानी अस्पताल भेजा। परीक्षण के उपरांत पिता और दो पुत्रों को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायल 6 लोगों का इलाज आईसीयू में चल रहा है।
शांतिपुरम कॉलोनी के रहने वाले पिता-पुत्र
नैनी में नए पुल के लेप्रोसी चौराहा और रेलवे डाट पुल के बीच रीवा मार्ग पर हुए इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई है। सभी लोग कार से मैहर देवी दर्शन पूजन करने जा रहे थे। शान्तिपुरम कॉलोनी फाफामऊ के रहने वाले स्वर्गीय छेदीलाल चौरसिया के पुत्र दीपक चौरसिया (45) अपने बेटे दिव्यांश चौरसिया (20) , मान उर्फ हर्षित चौरसिया (17), बहनोई अनिल चौरसिया, बहन बेबी चौरसिया(50) और बेटी हर्षिता चौरसिया(17) के साथ अपनी कार से मैहर धाम दर्शन पूजन के लिए निकले थे। तभी नैनी लेप्रोसी चौराहे के करीब रीवा मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रही एक्सयूवी कार बेकाबू होकर डिवाइडर लांघते हुए दूसरी पटरी पर जा रहे दीपक चौरसिया की कार से जा टकराई।

हादसे में कारों के परखच्चे उड़े
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि दोनों कारों के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कार पूरी तरह से पलट गई, पूर्जे बिखरे दिखे।जिसके बाद घटनास्थल पर चीखपुकार मच गई। इस दौरान आसपास के लोग बचाव के लिए दौड़े। राहगीर और स्थानीय लोगों ने कर में फंसे तीन लोगों के शव बाहर निकाले। जबकि सभी आधा दर्जन घायल को मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से पहले सीएचसी चाका भेजा। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें स्वरूप रानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक्सयूवी सवार लोग महोबा और सुल्तानपुर के निवासी
एक्सयूवी सवार अर्पित यादव पुत्र पवन यादव निवासी शंकर मार्केट गरथौली थाना कूड़ेभार जिला सुल्तानपुर, प्रिंस पुत्र रामगोपाल निवासी राजनी थाना महोकंठ जनपद महोबा और अंकित भी दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल है।
विपरीत दिशा से आ रही थी तेज रफ्तार एक्सयूवी
प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया है कि दुर्घटना के समय दोनों ही कारों की रफ्तार काफी तेज थी। हालांकि विपरीत दिशा से आ रही एक्सयूवी कार के बेकाबू होकर डिवाइडर लांघने से यह भीषण हादसा हुआ। दोनों कार के चालकों को स्थिति संभालने का मौका नहीं मिला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना भयंकर था कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में मारे गए तीनों लोगों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।







