जबलपुरमध्य प्रदेश

ग्वारीघाट में ‘दूध शाकाहारी नहीं है’ लिखे विवादित बैनर से मचा बवाल

मौके पर पहुंचे हिन्दू संगठन — पुलिस ने संभाला मोर्चा

जबलपुर यश भारत। भारत जैसे देश में जहां धर्म, परंपरा और आस्था आम जनजीवन का अभिन्न हिस्सा हैं, वहां धार्मिक मान्यताओं को चुनौती देना अक्सर बड़े विवाद का रूप ले लेता है। गौवंश और उससे जुड़े धार्मिक प्रतीकों पर टिप्पणी से विवाद और भी गहराता है। ऐसा ही कुछ नजारा शहर के ग्वारीघाट क्षेत्र में देखने को मिला, जब शनिवार देर रात कुछ युवकों ने दक्षिण एवेन्यू मॉल के सामने एक विवादित बैनर लगा दिया।इस बैनर पर बड़े अक्षरों में लिखा था — “दूध शाकाहारी नहीं है”। यह देखते ही स्थानीय हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। मामला बढ़ता देख गोरखपुर पुलिस अधीक्षक तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर स्थिति को बिगड़ने से बचा लिया।

पशु कल्याण संस्था पर आरोप

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ये विवादित बैनर Animal Welfare Association द्वारा लगवाए गए थे। संस्था की ओर से शहर के कई इलाकों में इसी तरह के बैनर लगाने की तैयारी थी। वहीं हिंदू संगठनों का कहना है कि दीपावली जैसे बड़े त्यौहार से ठीक पहले इस तरह का कदम शहर के माहौल को खराब करने की साजिश है।

त्यौहार और विशेष सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सतर्कता

विदित हो कि आने वाले दिनों में शहर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का राष्ट्रीय स्तर का शिविर लगने जा रहा है। इसी कारण से विशेष आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही सख्त है। पुलिस विभाग ने त्यौहार और शिविर को लेकर कड़ी निगरानी के निर्देश पहले ही जारी कर दिए थे।

माहौल बिगाड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्यवाही

सी एस पी एमडी नागोतिया ने साफ किया है कि त्यौहार के समय शहर में किसी भी तरह का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की समय रहते की गई कार्यवाही से शहर में संभावित विवाद टल गया, लेकिन जांच पूरी होने तक मामला शांत नहीं माना जा रहा है।इस पूरे घटनाक्रम के बीच पुलिस ने मौके से दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे अभियान के पीछे और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button