उड़ीसा से आई गांजे की खेप बरामद,6.686 किलो गांजा के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच व बरगी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

जबलपुर,यशभारत। जबलपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच एवं थाना बरगी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में लिप्त चार आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 किलो 686 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 3 लाख 34 हजार रुपये आंकी गई है। क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिवनी से जबलपुर की ओर नंदन बस से कुछ युवक गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना पर क्राइम ब्रांच एवं थाना बरगी की टीम ने बरगी बायपास स्थित नंदकेश्वर ढाबा के पास एनएच-34 पर नाकाबंदी कर बस को रोका।
बस की तलाशी के दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के चार युवकों को अलग कर जांच की गई। आरोपियों के बैग और सामान की तलाशी लेने पर कुल 7 पैकेट में रखा 6 किलो 686 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा खरीदकर जबलपुर लाने का काम कर रहे थे। पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/20 एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गांजा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।







