जिम्मेदार नींद में : बदहाल अवस्था मे ओपन जिम,ठंड में सेहत बनाने वालों को नही मिल रहा लाभ

सिवनी यश भारत:-जिला मुख्यालय के दलसागर तालाब के समीप नगर में चार वर्ष पहले लोगों को सेहत बनाने के लिए ओपन जिम की सौगात दी गई थी। लेकिन अब ये ओपन जिम खुद बीमार हो गए है। समय-समय पर मरम्मत और सुधार नहीं होने के कारण ओपन जिम में लगे कई उपकरण खराब हो गए है। ऐसे में ठंड में सेहत बनाने इन ओपन जिम में जा रहे लोगों को परेशानी के साथ निराशा हाथ लग रही है। लोगों का कहना है कि यदि खराब हो रहे उपकरणों में सुधार करा दिया जाए तो लोगों को इसका लाभ मिल सकता है। लेकिन कोई इस और ध्यान नहीं दे रहा है। ऐसे में सेहत बनाने के लिए लोगों को मोटा शुल्क देकर निजी जिम में जाने विवश होना पड़ रहा है।
रस्सी से बांध का चलाया जा रहा कामः-
नगर के कंपनी गार्डन के पास पूर्व कलेक्टर प्रवीण सिंह आढ़ायय ने वर्ष 2020 में लोगों को ओपन जिम की सौगात दी थी। शुरुआती दौर में सुबह व शाम के समय आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग कसरत करने पहुंचे थे, लेकिन अब यह लोगों का आना कम हो गया है।
जिम में लगे करीब नौ उपकरण रंग रोगन (पेंटिंग) का काम अब तक नहीं हुआ है। हालात यह है कि कई उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए है। कुछ उपकरण को रस्सी से बांधकर क्राम चलाया जा रहा है। पहीं कुछ उपकरण के कई पार्टस असमाजिक तत्व चुरा ले गए हैं। इसके बाद भी नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी व जनप्रतिनिधि ओपन जिम में लगे उपकरणों के रखरखाव की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इतना ही नहीं यहां लगे कुछ राउंड होने वाले उपकरण के छरें पूरी तरह घिस गए हैं।
यहां भी बदहाल हुई जिम:-
लोक निर्माण विभाग कार्यालय के पास अभियंता पार्क में 8.32 लाख की लागत से बनाया गया सावर्जनिक जिम दिखावा साबित हो रहा है। यहां का पार्क समय पर नहीं खुलता है। ऐसे में जिम जाने से कई लोग बंधित हो जाते हैं। इस पार्क में जिम खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने बनवाया था। 22 दिसंबर 2019 को स्थापित पार्क में अब कम ही, लोग आ पाते हैं। इस सार्वजनिक जिम में कसरत करने के लिए 11 उपकरण लगाए गए हैं। इसमें से कुछ खराब होने की स्थिति में आ गए है। आसपास राकेश नागफासे, हेमन्त पंचेश्वर, पूर्णिमा साहू सहित अन्य लोगों का कहना है कि यहां लगे उपकरण फिलहाल तो सही हैं, लेकिन यदि समय रहते इन उपकरणों का सही तरीके से रख-रखाव सही तरीके से नहीं किया गया तो ये उपकरण खराब हो सकते हैं। क्षेत्र के लोगों ने बताया है कि कंपनी गार्डन के पास स्थित ओपन जिम की तरह ही इस जिम में लगे सभी उपकरणों का कलर खराब हो गया है। इसके कारण इन उपकरणों में जंग लगने की स्थिति बन गई है।
नगर पालिका के प्रभारी सीएमओ श्याम गोपाल भारती का कहना है कि मुझे अभी सिवनी नगर पालिका परिषद सिवनी का प्रभार मिला है। मै ‘नगर के ओपन जिम को दिखवाता हूं। इनमे जो भी संभव होगा सुधार कार्य कराया जाएगा।







