
भोपाल में तड़के करीब साढ़े चार बजे से गरज-चमक के साथ तेज तो कभी रिमझिम बारिश हो रही है। राजस्थान-ओडिशा से नमी मिलने के कारण मध्यप्रदेश के कुछ शहरों में मध्यम से भारी बारिश होगी। इंदौर में रिमझिम रहेगी, जबकि महाराष्ट्र से सटे इलाके बालाघाट और रतलाम में अच्छी बारिश होगी। अगले चार दिन तक मौसम का यही मिजाज रहेगा।
दो दिन में अब तक 16 लोगों की बिजली गिरने से मौत हो चुकी है। ताजा घटना शिवपुरी की है। शनिवार तड़के 4 बजे जिले के भौंती थानाक्षेत्र के ग्राम देवरी में बिजली गिरने से मां की मौत हो गई, बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। शांति देवी (60) और उनका बेटा झोपड़ी में सोए हुए थे। घायल बेटे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उधर, विदिशा के लटेरी, गुना और अशोकनगर के शाड़ौर क्षेत्र में ज्यादा बारिश की वजह से शिवपुरी में सिंध नदी उफना गई। जिले भड़ौता रपटे के ऊपर से पानी बहा। शुक्रवार सुबह से देर शाम तक रास्ता बंद रहा।







