25 साल बेमिसाल या सवाल ही सवाल? : आरोप-प्रत्यारोप के बीच विकास की हकीकत पर उठे सवाल, रेल कनेक्टिविटी और बुनियादी सुविधाओं में सुधार नहीं, विकास को लेकर जवाबदेही पर बहस तेज सांसद ने भी किया पलटवार… पढ़े पूरी खबर

मंडला । अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम द्वारा मंडला लोकसभा क्षेत्र के विकास में पिछड़ेपन को लेकर सवाल उठाए गए थे। इसके जवाब में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने भी पलटवार करते हुए तीखा वक्तव्य दिया। दोनों के बीच शुरू हुए आरोप-प्रत्यारोप के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच बरगी बांध विस्थापित एवं प्रभावित संघ के राजकुमार सिन्हा ने विकास की अवधारणा और क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों को लेकर महत्वपूर्ण सवाल उठाए हैं।
राजकुमार सिन्हा का कहना है कि एक ओर जिले के पिछड़ेपन के लिए शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं, तो दूसरी ओर विकास के नाम पर विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की उपलब्धियां गिनाई जा रही हैं। लेकिन इस पूरी बहस में एक बुनियादी सवाल लगभग गायब है कि आखिर मंडला और आसपास के आदिवासी जिलों के लोगों को कैसा विकास चाहिए? उन्होंने कहा कि मंडला, डिंडौरी, सिवनी और बालाघाट जैसे जिलों का सामाजिक, आर्थिक और भौगोलिक स्वरूप प्रदेश के मैदानी जिलों से अलग है। यहां की अर्थव्यवस्था जंगल, खेती, पशुपालन, लघु वनोपज, नदियों और सामुदायिक संसाधनों से गहराई से जुड़ी हुई है। ऐसे में यहां विकास का अर्थ केवल बाजार तक पहुंच या बड़े उद्योगों की स्थापना नहीं, बल्कि इन संसाधनों पर निर्भर समुदायों के जीवन में वास्तविक सुधार होना चाहिए।
यदि विकास की प्रक्रिया में स्थानीय लोगों की आजीविका छिनती है, उन्हें अपनी जमीन और गांव छोड़ने पड़ते हैं या वे रोजगार की तलाश में पलायन करने को मजबूर होते हैं, तो ऐसी विकास प्रक्रिया की सफलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। मंडला को विकास से पिछड़ा बताने वाली बहस में यह स्पष्ट होना चाहिए कि पिछड़ेपन का आकलन किन आधारों पर किया जा रहा है। क्या इसका आधार प्रति व्यक्ति आय, शिक्षा और स्वास्थ्य की स्थिति, सड़क, बिजली और इंटरनेट की उपलब्धता है या फिर स्थानीय लोगों की आजीविका, पोषण, सामाजिक सुरक्षा और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी? इन सभी संकेतकों को एक साथ देखे बिना किसी जिले के विकास का समग्र आकलन नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि विकास का सही पैमाना यह होना चाहिए कि आदिवासी परिवारों की आय, स्वास्थ्य, शिक्षा और जीवन की सुरक्षा में कितना सुधार हुआ है और यह सुधार उनकी जमीन तथा प्राकृतिक संसाधनों से बेदखली के बिना हुआ है या नहीं। मंडला, डिंडौरी, सिवनी और बालाघाट के विकास की रूपरेखा केवल सड़क, बिजली, उद्योग और निवेश तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि जल-जंगल-जमीन पर अधिकार, आजीविका की सुरक्षा और स्थानीय समुदायों की भागीदारी को भी प्राथमिकता मिलनी चाहिए। नीति आयोग की राष्ट्रीय बहुआयामी गरीबी सूचकांक 2023 की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मंडला, सिवनी, डिंडौरी और बालाघाट जिलों में बहुआयामी गरीबी में उल्लेखनीय कमी आई है। यह सार्वजनिक योजनाओं और सामाजिक विकास के प्रयासों की उपलब्धि है, जिसे नकारा नहीं जा सकता। हालांकि गरीबी में कमी के बावजूद मंडला और डिंडौरी में बहुआयामी गरीबी का अनुपात प्रदेश के कई जिलों की तुलना में अधिक बना हुआ है। इसलिए इन जिलों में विकास की गति और उसकी गुणवत्ता पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।
25 वर्षों के कार्यकाल में विकास की उपलब्धियां कहां?
राजकुमार सिन्हा ने सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के लगभग 25 वर्षों के संसदीय कार्यकाल पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि परिसीमन से पहले के 13 वर्षों के संसदीय क्षेत्र और परिसीमन के बाद जुड़े विधानसभा क्षेत्रों के विकास की तुलनात्मक स्थिति देखें तो कोई विशेष परिवर्तन स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देता। क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिहाज से भी अपेक्षित उपलब्धियां नजर नहीं आतीं। न्होंने कहा कि ब्रॉडगेज लाइन के परिवर्तन के बाद मंडला क्षेत्र को रेल सुविधाओं से जोड़ने के लिए जिस तरह के प्रयास किए जाने चाहिए थे, वे अपेक्षित स्तर पर दिखाई नहीं दिए। नई रेल परियोजनाओं की बात करें तो मुंगेली-मंडला-जबलपुर नई रेल लाइन तथा सर्वे के लिए प्रस्तावित पेंड्रा-डिंडौरी-मंडला-श्रीधाम रेल लाइन के मामले में भी कोई ठोस प्रगति नजर नहीं आती। मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन को भी अब तक ऐसी कोई बड़ी उपलब्धि नहीं मिल सकी, जिससे क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय बदलाव आया हो। नैनपुर से भोपाल और इंदौर के लिए शुरू हुई पंचवेली एक्सप्रेस का विस्तार अब तक मंडला तक नहीं हो पाया है। वहीं मंडला-जबलपुर के बीच शुरू की गई ट्रेनों की समय-सारणी पर नजर डालें तो यात्रियों को अपेक्षित सुविधा मिलने के बजाय केवल औपचारिक कनेक्टिविटी का एहसास होता है। क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग अब भी अधूरी है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या नैनपुर से होकर गुजरने वाली ट्रेनों की उपलब्धता मात्र से मंडला लोकसभा क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी की जरूरतें पूरी मान ली जानी चाहिए?
राजकुमार सिन्हा के अनुसार, क्षेत्र के विकास का मूल्यांकन केवल योजनाओं की घोषणा और उपलब्धियों के बखान से नहीं, बल्कि जमीन पर हुए वास्तविक बदलावों से होना चाहिए। यदि लगभग 25 वर्षों की संसदीय पारी के बाद भी क्षेत्र रेल कनेक्टिविटी, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के मामले में अपेक्षित प्रगति नहीं कर पाया है, तो जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय होना भी जरूरी है। ऐसे में अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम द्वारा मंडला लोकसभा क्षेत्र के पिछड़ेपन को लेकर उठाए गए सवालों को पूरी तरह निराधार नहीं कहा जा सकता। आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर अब यह जरूरी है कि क्षेत्र के विकास की वास्तविक स्थिति पर तथ्यों के आधार पर चर्चा हो और यह तय किया जाए कि आदिवासी अंचल को आखिर किस तरह के विकास की जरूरत है।







