कॉलेजियम की कार्यप्रणाली पर पूर्व सीजेआई बी.आर. गवई ने उठाए सवाल, राष्ट्रपति को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग

कॉलेजियम की कार्यप्रणाली पर पूर्व सीजेआई बी.आर. गवई ने उठाए सवाल, राष्ट्रपति को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग
नई दिल्ली, यश भारत । न्यायपालिका में जजों की नियुक्तियों और तबादलों की प्रक्रिया को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। लीगल न्यूज़ पोर्टल ‘बार एंड बेंच’ (Bar and Bench) की एक सोशल मीडिया पोस्ट के हवाले से यह जानकारी सामने आई है कि भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश (CJI) बी.आर. गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को तीन पन्नों का एक पत्र लिखा है। 27 नवंबर 2026 की तारीख वाले इस पत्र में उन्होंने न्यायिक नियुक्तियों और तबादलों में राष्ट्रपति से हस्तक्षेप करने तथा सुधारात्मक कदम उठाने का आग्रह किया है।
योग्यता, विविधता और समावेशिता की अनदेखी का आरोप
सोशल मीडिया पर साझा किए गए पत्र के अंशों के अनुसार, पूर्व सीजेआई गवई ने आरोप लगाया है कि कॉलेजियम की हालिया सिफारिशों में योग्यता (मेरिट), विविधता और समावेशिता के सिद्धांतों को दरकिनार कर एक विशेष वर्ग के उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने लिखा है कि जब वे स्वयं कॉलेजियम का हिस्सा थे और मुख्य न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे, तब उन्होंने हमेशा समाज के सभी वर्गों के पर्याप्त प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित किया था।
प्रतिनिधित्व के आंकड़ों और तबादलों पर गंभीर टिप्पणी
पत्र में पूर्व मुख्य न्यायाधीश ने कई बिंदुओं पर चिंता व्यक्त की है:
– उन्होंने दावा किया है कि देश की कुल आबादी के 5 प्रतिशत से भी कम हिस्से वाले एक विशेष समुदाय का सुप्रीम कोर्ट में 40 प्रतिशत से अधिक प्रतिनिधित्व रहा है।
– पत्र के अनुसार, हाल की सिफारिशों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), अल्पसंख्यकों, महिलाओं और यहां तक कि अन्य सामान्य वर्गों के योग्य उम्मीदवारों की भी उपेक्षा की गई है।
– जजों के स्थानांतरण पर सवाल उठाते हुए उन्होंने लिखा है कि जिन जजों को पहले दंडात्मक आधार पर स्थानांतरित किया गया था, उन्हें अब प्रमुख हाईकोर्ट्स का मुख्य न्यायाधीश बनाकर पुरस्कृत किया जा रहा है। इसके विपरीत, एक मेहनती और योग्य मुख्य न्यायाधीश को किसी अन्य जज को समायोजित करने के लिए छोटे हाईकोर्ट में भेज दिया गया है।
कॉलेजियम की जवाबदेही और संवैधानिक कर्तव्य
पूर्व सीजेआई गवई ने पत्र में स्पष्ट किया है कि कॉलेजियम की सिफारिशों को प्राथमिकता मिलने का यह अर्थ कतई नहीं है कि कॉलेजियम किसी के प्रति जवाबदेह न रहे या राष्ट्रपति अपने संवैधानिक कर्तव्यों से मुक्त हो जाएं। अपनी असहमति और निराशा व्यक्त करते हुए उन्होंने इस पत्र की प्रतियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को भी प्रेषित की हैं।







