जबलपुर के जेडीए कार्यालय में हवाई हमला और लगी आग , पुलिस, प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने 15 मिनट में पाया काबू…देंखे लाइव तस्बीर
पुलिस, प्रशासन, ने परखी तैयारियां, घायलों को अस्पताल पहुंचाने का किया अभ्यास

जबलपुर, यश भारत। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों, प्रतिक्रिया समय और विभागों की मुस्तैदी परखने के लिए गुरुवार को सिविक सेंटर स्थित जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) कार्यालय में संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें हवाई हमले के बाद विस्फोट और आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पुलिस, प्रशासन, नगर निगम, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बीडीडीएस, स्वास्थ्य विभाग और अग्निशमन दल सहित विभिन्न एजेंसियों ने हिस्सा लिया।

मॉक ड्रिल के दौरान कंट्रोल रूम को सूचना दी गई कि जेडीए कार्यालय में हवाई हमले के कारण विस्फोट हुआ है और आग लगने से अफरा-तफरी मच गई है। सूचना मिलते ही सायरन बजाकर आसपास के क्षेत्रों को अलर्ट किया गया। इसके बाद कंट्रोल रूम ने एसडीआरएफ, अस्पताल, नगर निगम, अग्निशमन विभाग, एमपीईबी और पुलिस अधिकारियों सहित सभी संबंधित एजेंसियों को मौके पर रवाना किया।

अग्निशमन दल ने तत्परता दिखाते हुए 15 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की। वहीं पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। अभ्यास के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के बीच समन्वय और संसाधनों की उपलब्धता भी परखी गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-3 मनीष भारद्वाज के नेतृत्व में आयोजित मॉक ड्रिल में सीएसपी गोहलपुर शशांक सिंह, डीएसपी मुख्यालय लवली सोनी, डीएसपी यातायात संतोष शुक्ला, टीआई दिनेश शर्मा, नवल सिंह और जितेंद्र पाटकर सहित पुलिस लाइन एवं आसपास के थानों का बल मौजूद रहा। इसके अलावा होमगार्ड, अग्निशमन सेवा, मेडिकल टीम, रेडक्रॉस, एनएसएस, एनवाईकेएस, एबीवीपी, भारत स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवकों ने भी भाग लिया। अधिकारियों के अनुसार मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करना था।







