मुख्य ख़बरें

खवासा-टुरिया मार्ग पर अचानक सामने आया बाघ : थम गए वाहनों के पहिए…सड़क पार करता दिखा जंगल का राजा, लोगों ने कैमरे में कैद किया रोमांचक नजारा…. देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत:-सिवनी पेंच टाइगर रिजर्व के बफर एवं कोर क्षेत्र से लगे इलाकों में वन्यजीवों की मौजूदगी अक्सर देखने को मिलती है। इसी क्रम में खवासा-टुरिया मार्ग पर जमुंटोला ग्राम के समीप एक बाघ अचानक सड़क पर आ गया। सड़क पार करते बाघ को देखकर वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहनों की रफ्तार धीमी कर दी और कुछ लोगों ने तत्काल अपने वाहन रोक लिए। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोगों को जंगल के राजा को नजदीक से देखने का रोमांचक अवसर मिला। लोगों ने इस पूरे नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाघ कुछ समय तक सड़क के आसपास दिखाई दिया और फिर सड़क पार कर जंगल की ओर चला गया। बाघ को देखकर जहां लोगों में उत्सुकता और रोमांच का माहौल रहा, वहीं अचानक वन्यप्राणी के सामने आने से कुछ देर के लिए मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।

पेंच टाइगर रिजर्व का खवासा-टुरिया मार्ग वन्यजीवों की आवाजाही के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है। यह क्षेत्र घने जंगलों और प्राकृतिक वन्यजीव आवास से घिरा हुआ है। यहां बाघों के अलावा तेंदुआ, हिरण, जंगली कुत्ते, गौर और अन्य वन्यप्राणी भी पाए जाते हैं। पेंच क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही केवल जंगल तक सीमित नहीं रहती, बल्कि आसपास के गांवों और सड़कों के नजदीक भी उनकी मौजूदगी दिखाई देती है।

वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील
वन्यजीवों की सुरक्षा और सड़क हादसों से बचाव के लिए जरूरी है कि जंगल से लगे मार्गों पर वाहन चालक निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं। बाघ या अन्य वन्यप्राणी दिखाई देने पर वाहन रोककर सुरक्षित दूरी बनाए रखें। वन्यजीव के रास्ता पार करने तक इंतजार करें और उसे आगे बढ़ने का रास्ता दें। उसके नजदीक जाने, पीछा करने, हॉर्न बजाने अथवा शोर मचाने से बचना चाहिए। वन्यजीवों को देखने के उत्साह में सड़क पर वाहनों की भीड़ लगाना भी खतरनाक हो सकता है।

पेंच टाइगर रिजर्व के पर्यटन संबंधी दिशा-निर्देशों में भी वन्यप्राणियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उन्हें बिना बाधा प्राकृतिक रूप से विचरण करने देने पर जोर दिया गया है।
जमुंटोला के समीप सड़क पार करते बाघ का यह नजारा एक बार फिर बताता है कि पेंच का जंगल और उसके आसपास का इलाका वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास है। ऐसे में लोगों को अपनी सुरक्षा के साथ वन्यजीवों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button