आयुष्मान के भरोसे पहुंचे गरीब मरीज से मांगे लाखों, डिस्चार्ज को लेकर आदित्य हॉस्पिटल में हंगामा,देखे वीडियो ….

जबलपुर,यश भारत। निजी अस्पतालों में इलाज के नाम पर मरीजों से भारी-भरकम रकम वसूलने और आयुष्मान योजना के लाभ को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। आदित्य हॉस्पिटल में भर्ती जमुनिया निवासी अशोक पटेल को डिस्चार्ज नहीं किए जाने की शिकायत पर मंगलवार रात जमकर हंगामा हुआ। परिजनों का आरोप है कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने उनसे अतिरिक्त रकम की मांग की। मरीज को नागपुर ले जाने की तैयारी के बीच मामला इतना बढ़ा कि बरगी विधायक नीरज ठाकुर को अस्पताल पहुंचना पड़ा।
1.80 लाख लेने के बाद 1.30 लाख का अतिरिक्त बिल
जानकारी के अनुसार, अशोक पटेल को बेहतर इलाज की उम्मीद में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजन आयुष्मान योजना के तहत इलाज कराना चाहते थे। विधायक नीरज ठाकुर के मुताबिक, अस्पताल प्रबंधन मरीज से करीब 1 लाख 80 हजार रुपये पहले ही ले चुका था और इसके बाद 1 लाख 30 हजार रुपये का अतिरिक्त बिल थमा दिया गया। मरीज की हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उसे नागपुर ले जाना चाहते थे, लेकिन डिस्चार्ज को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
सीएमएचओ और पुलिस की मौजूदगी में हुई बातचीत
शिकायत मिलने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी भी अस्पताल पहुंचे। मदन महल पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल प्रबंधन से बातचीत की गई। विधायक और स्वास्थ्य अधिकारियों ने मरीज की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए उसे बिना अतिरिक्त भुगतान के दूसरे अस्पताल ले जाने देने की मांग की। कलेक्टर के हस्तक्षेप के बाद काफी देर चली बातचीत का रास्ता निकला और अस्पताल प्रबंधन ने मरीज को नागपुर ले जाने की अनुमति दे दी।
शिकायत मिलने पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने बताया कि विधायक ने पहले ही मरीज की आर्थिक स्थिति और आयुष्मान योजना के तहत इलाज कराने की इच्छा से उन्हें अवगत कराया था। अस्पताल के आयुष्मान मित्र से भी इस संबंध में चर्चा हुई थी। हालांकि, बाद में अतिरिक्त बिल और डिस्चार्ज को लेकर शिकायत सामने आई। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीज को आयुष्मान योजना का लाभ नहीं मिलने की जानकारी पहले ही दे दी गई थी। सीएमएचओ ने कहा कि परिजन लिखित शिकायत करते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इधर, विधायक नीरज ठाकुर ने अस्पताल प्रबंधन की कथित लापरवाही से जुड़ा वीडियो अपने फेसबुक पेज पर साझा किया है। घटना ने निजी अस्पतालों में आयुष्मान योजना के क्रियान्वयन, बिलिंग व्यवस्था और मरीजों के अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मरीज को बेहतर उपचार के लिए नागपुर भेज दिया गया है।







